रोड एक्सीडेंट केस: मॉडल राजकन्या बरुआ फिर से गिरफ्तार, नशे की हालत में 8 मजदूरों को किया था घायल
रोड एक्सीडेंट केस: मॉडल राजकन्या बरुआ फिर से गिरफ्तार, नशे की हालत में 8 मजदूरों को किया था घायल
गुवाहाटी, 07 अक्टूबर: असम की मॉडल और 2016 की मिस इंडिया फाइनलिस्ट राजकन्या बरुआ को रोड एक्सीडेंट केस में पुलिस ने फिर से बुधवार (06 अक्टूबर) को गिरफ्तार कर लिया है। राजकन्या बरुआ ने पिछले हफ्ते गुवाहाटी में कथित तौर पर तेज रफ्तार और नशे की हालत में कार चलाते वक्त सड़क किनारे आठ मजदूरों को घायल कर दिया था। असम पुलिस ने जानकारी दी है कि पुरुजीत चौधरी के नेतृत्व में गौहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के 6 सदस्यीय बोर्ड द्वारा रिपोर्ट मिलने के बाद 29 वर्षीय मॉडल को राजकन्या बरुआ को एक अस्पताल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि राजकन्या बरुआ पूरी तरह से ठीक हैं।

डॉक्टरों ने रिपोर्ट में कही ये बात
डॉक्टरों की टीम ने रिपोर्ट में कहा है कि राजकन्या बरुआ जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए पूरी तरह से फिट हैं। उन्हें किसी अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं है। किसी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में वह जीएमसीएच के आपातकालीन विभाग या ओपीडी में जा सकती हैं। जीएमसीएच के अधीक्षक अभिजीत शर्मा ने मीडिया को बताया कि मेडिकल बोर्ड की टीम ने राजकन्या बरुआ के साथ-साथ अन्य डॉक्टरों से भी इस मामले पर चर्चा की है।

इसलिए पुलिस के सामने नहीं पेश हो रही थी मॉडल
शुक्रवार रात (1 अक्टूबर) दुर्घटना के बाद 12 घंटे से भी कम समय में मॉडल राजकन्या बरुआ को जमानत मिल गई थी। उसके बाद वह स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का हवाला देते हुए तलब किए जाने के बावजूद मंगलवार को जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुई। पुलिस ने कहा था कि उसके परिवार के सदस्यों ने राजकन्या बरुआ को पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था क्योंकि उसका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तब बरुआ पर मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट मांगी थी और इसे बुधवार को सौंप दिया गया है, जिसके बाद मॉडल की गरिफ्तारी हुई है।

जानें क्या है पूरी घटना
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि राजकन्या बरुआ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा है कि पिछले हफ्ते रात में रुक्मिणी नगर इलाके में राजकन्या बरुआ की तेज रफ्तार शेवरले एक वैन से टकरा जाने से आठ पीडब्ल्यूडी कार्यकर्ता घायल हो गए है। जिनमें से एक की हालत गंभीर है। दिसपुर पुलिस ने राजकन्या बरुआ की कार जब्त कर ली है। एक्सीडेंट के बाद राजकन्या को गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक कार ड्राइव करते वक्त मॉडल राजकन्या बरुआ नशे में धुत थीं। उन्होंने खानापारा इलाके के एक होटल में पार्टी की थी उसके बाद वह अपनी कार चला रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications