Annu Kapoor की तबीयत में सुधार, सर गंगाराम अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, डॉक्टरों की टीम के साथ फोटो क्लिक कराई
वेटरन एक्टर अन्नू कपूर की सेहत के बारे में अच्छी खबर आई है। सीने में दर्द की कंप्लेन के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

दिग्गज अभिनेता Annu Kapoor को रविवार को सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी मिल गई। गुरुवार सुबह सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर गंगा राम अस्पताल के डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि अन्नू मदन लाल कपूर को कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज के बाद तबीयत ठीक हुई और रविवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई।

डॉक्टरों की टीम में कौन शामिल रहा
डॉ. अजय स्वरूप सर गंगा राम अस्पताल में प्रबंधन बोर्ड अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी की सुबह सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद अन्नू कपूर को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार्डियोलॉजी विभाग में अन्नू कपूर का इलाज डॉ जेपीएस साहनी, डॉ रजनीश जैन, डॉ राजीव पसे, डॉ बीएस विवेक और डॉ सुशांत वट्टल की टीम ने किया।

इलाज करने वाले डॉक्टर ने क्या बताया ?
कार्डियोलॉजी विभाग में इलाज के अलावा कैथ लैब के सह-निदेशक और यूनिट के प्रमुख डॉ रजनीश जैन ने भी बताया कि अन्नू कपूर की तबीयत में काफी सुधार हुआ। डॉ रजनीश की निगरानी में ही अन्नू कपूर का इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को जांच के बाद उनकी हालत स्थिर पाई गई, इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

तीन दिन तक ट्रीटमेंट के बाद सुधरी तबीयत
इससे पहले गुरुवार को भी सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बताया था कि "कपूर की हालत स्थिर है और वह ठीक हो रहे हैं, और उनका इलाज किया जा रहा है।" गुरुवार को हॉस्पिटल में भर्ती होने के बाद तीन दिन तक अन्नू कपूर का ट्रीटमेंट हुआ, जिससे उनकी तबीयत में सुधार हुआ।

कॉमेडी-ड्रामा 'विक्की डोनर' में कमाल का अभिनय
बता दें कि वेटरन अभिनेता अन्नू कपूर 'हम', 'एक रुका हुआ फैसला', 'राम लखन', 'घायल', 'हम किसी से कम नहीं', 'ऐतराज', '7 खून माफ', 'जॉली एलएलबी 2' जैसी फिल्मों में बेहतरीन अभिनय के लिए पसंद किए जाते हैं। युवा अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ कॉमेडी-ड्रामा 'विक्की डोनर' में अन्नू कपूर की एक्टिंग परफॉर्मेंस के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा गया।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी अन्नू कपूर
अन्नू कपूर को आखिरी बार वेब शो 'क्रैश कोर्स' में देखा गया था। इसका प्रीमियर पिछले साल ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर हुआ। कविता और अलग-अलग भाषाओं के साहित्य के बारे में उनकी वीडियो काफी लोकप्रिय होती है। उन्हें कई बार टॉक शो सहित एंकर की भूमिका में भी देखा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications