Anjali Arora को सरेआम क्यों आया गुस्सा? 'कच्चा बादाम' गाने पर हाई वोल्टेज ड्रामा, अब लीगल एक्शन लेंगे आयोजक
Anjali Arora: कच्चा बादाम गाने पर वायरल डांस वीडियो से पहचान बनाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनके डांस या किसी नए प्रोजेक्ट का नहीं बल्कि कानपुर में आयोजित एक इवेंट का है। यहां अंजलि अरोड़ा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कच्चा बादाम गाना बजने पर डीजे को फटकार लगाती नजर आ रही हैं। अब इस पूरे विवाद पर इवेंट के आयोजक ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अंजलि अरोड़ा पर पब्लिसिटी के लिए ऐसा करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
कानपुर के इवेंट में आखिर क्या हुआ?
अंजलि अरोड़ा हाल ही में कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इसी इवेंट का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। वायरल क्लिप में स्टेज पर मौजूद अंजलि के सामने बैकग्राउंड में उनका चर्चित गाना 'कच्चा बादाम' बजने लगता है। इसके बाद वह डीजे के रवैये पर नाराजगी जताती दिखाई देती हैं।

अंजलि अरोड़ा के व्यवहार पर क्यों उठ रहे सवाल?
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ यूजर्स ने अंजलि के व्यवहार पर सवाल उठाए, तो कुछ ने इस पूरे मामले को लेकर अपनी राय रखी। अब आयोजक के बयान के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है।
आयोजक ने बताया पब्लिसिटी स्टंट
-न्यूज18 इंग्लिश की रिपोर्ट के मुताबिक इवेंट के आयोजक ने इस घटना पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्हें और उनकी टीम को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कच्चा बादाम गाना बजने पर अंजलि अरोड़ा इस तरह प्रतिक्रिया देंगी। आयोजक के मुताबिक इसी गाने ने अंजलि अरोड़ा को सोशल मीडिया पर पहचान दिलाई थी, इसलिए उनका बर्ताव समझ से परे था।
-आयोजक ने आरोप लगाया कि अगर अंजलि अरोड़ा को गाने से कोई परेशानी थी तो वो कार्यक्रम की मैनेजमेंट टीम से बात करके मामला सुलझा सकती थीं। उनके मुताबिक स्टेज पर इस तरह प्रतिक्रिया देने के बजाय बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकाला जा सकता था। आयोजक ने इस पूरे घटनाक्रम को पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। हालांकि ये उनका आरोप है और इस मामले में अंजलि का पक्ष भी सामने आना बाकी है।
अंजलि अरोड़ा के खिलाफ लीगल एक्शन की तैयारी
-आयोजक ने ये भी दावा किया कि कार्यक्रम पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे और अंजलि को खास तौर पर परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था। उनके मुताबिक, अंजलि ने स्टेज पर विवाद किया और करीब 15 मिनट के अंदर वहां से चली गईं।
-इससे आयोजक और उनकी टीम नाराज हैं। उन्होंने अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की बात कही है। हालांकि फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में कोई औपचारिक कानूनी शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं। अंजलि की ओर से भी इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार है।
'कच्चा बादाम' गाने से मिली थी पहचान
-अंजलि अरोड़ा को सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता बंगाली गाने कच्चा बादाम पर बनाए गए उनके वायरल वीडियो से मिली थी। इस वीडियो के बाद वह इंटरनेट पर छा गई थीं और देखते ही देखते उनकी फैन फॉलोइंग काफी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो और मनोरंजन से जुड़े प्रोजेक्ट्स में भी काम किया।
-इसी वजह से कानपुर के इवेंट में इस गाने को लेकर हुई कथित नाराजगी पर सोशल मीडिया यूजर्स चर्चा कर रहे हैं। कुछ लोग इसे अंजलि के पुराने वायरल वीडियो से जोड़कर देख रहे हैं जबकि कुछ का मानना है कि किसी कलाकार की पसंद और असहजता को समझने के लिए पूरे मामले का संदर्भ जानना जरूरी है।
माता सीता के किरदार को लेकर भी हुई थीं ट्रोल
-अंजलि अरोड़ा इससे पहले महाकाव्य श्री रामायण कथा में माता सीता की भूमिका निभाने को लेकर भी चर्चा में रही थीं। इस प्रोजेक्ट का टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन्हें निशाने पर लिया था। ट्रोलर्स ने उनके डांस वीडियो और सोशल मीडिया इमेज का हवाला देते हुए इस भूमिका पर सवाल उठाए थे।
-हालांकि अंजलि ने ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें इस तरह की टिप्पणियों से खास फर्क नहीं पड़ता। उनका कहना था कि डांस उनका पैशन है और इसके लिए उन्हें शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अक्सर आलोचना का सामना करना पड़ता है।
-फिलहाल कानपुर के इवेंट से जुड़ा विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि अंजलि अरोड़ा इस मामले पर क्या प्रतिक्रिया देती हैं और क्या आयोजक वास्तव में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
