कैसा है अक्षय कुमार की 'बेल बॉटम' का हाल, 4 दिन में कमाए कितने करोड़, जानिए
वायरस महामारी की दूसरी लहर के बीच अक्षय कुमार की फिल्म बेल बॉ़टम सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन अपनी रिलीज के चार दिनों के भीतर यह फिल्म कोई खास कमाई नहीं कर पाई है।
नई दिल्ली, 23 अगस्त: कोरोना वायरस महामारी ने देश के बड़े आर्थिक सेक्टरों के साथ-साथ बॉलीवुड को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। बीते करीब डेढ़ साल में लॉकडाउन की वजह से जहां कई बार फिल्मों और सीरियल की शूटिंग पर ब्रेक लगा, वहीं सिनेमाघरों को भी भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा है। ऐसे हालात में और कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के बीच अक्षय कुमार की फिल्म बेल बॉटम सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन अपनी रिलीज के चार दिनों के भीतर यह फिल्म कोई खास कमाई नहीं कर पाई है। आइए जानते हैं, पिछले चार दिनों में फिल्म बेल बॉटम का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन?

शुरुआती चार दिन में ये है फिल्म की कमाई
फिल्म 'बेल बॉटम' सिनेमाघरों में 19 अगस्त को रिलीज हुई और शुरुआती दो दिनों में 3 करोड़ रुपए का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई। 'बॉलीवुड हंगामा' के मुताबिक, अक्षय कुमार की बेल बॉटम ने अपनी रिलीज के शुरुआती चार दिन में केवल 12.65 करोड़ रुपए की कमाई की है। इनमें से 4.30 करोड़ रुपए का कलेक्शन बेल बॉटम ने अकेले रविवार यानी रक्षाबंधन को किया।

पहले दो दिन ऐसा रहा फिल्म का हाल
'बेल बॉ़टम' को रविवार के दिन रक्षाबंधन के त्यौहार का फायदा मिला और फिल्म की कमाई में सीधे 35 फीसदी का उछाल आया। इससे पहले गुरुवार को रिलीज हुई बेल बॉ़टम ने पहले दिन 2.75 करोड़ और दूसरे दिन भी महज 2.75 करोड़ रुपए की ही कमाई की। इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई थोड़ी बढ़ी और कुल 3.25 करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ। इस तरह अपनी रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में बेल बॉटम 8 करोड़ रुपए की कमाई का ही आंकड़ा पार कर पाई।

कलेक्शन को लेकर अक्षय कुमार ने क्या कहा
वहीं, एंटरटेनमेंट वेबसाइट स्पॉटबॉय से बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा कि इस समय जिस तरह के हालात हैं, अगर बेल बॉटम ने 30 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया, तो ये भी 100 करोड़ रुपए के बराबर हैं और अगर फिल्म ने 50 करोड़ का आंकड़ा छुआ तो ये 150 करोड़े रुपए के बराबर होंगे। हालांकि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से अलग, बेल बॉटम को फिल्म समीक्षों ने एक अच्छी फिल्म बताया है। फिल्म में अभिनेत्री लारा दत्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है।

कमजोर कमाई के बावजूद इस फिल्म को छोड़ा पीछे
हालांकि वीकेंड कलेक्शन के मामले में बेल बॉटम ने रूही को पीछे छोड़ दिया है। जान्हवी कपूर और राजकुमार राव की हॉरर-कॉमेडी रूही इसी साल मार्च में रिलीज हुई थी। बेल बॉटम की ही तरह सिनेमाघरों में रूही भी गुरुवार को रिलीज हुई थी और शुरुआती चार दिनों में फिल्म ने 12.58 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जो बेल बॉटम से पहले इस साल का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन था।

यूपी-गुजरात में कैसी रही फिल्म की कमाई
आपको बता दें कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से देश के कुछ बड़े शहरों जैसे- मुंबई और पुणे में सिनेमाघर अभी भी बंद हैं, जिससे फिल्म के कलेक्शन पर असर पड़ा है। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे बड़े राज्यों में भी बेल बॉटम को उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिले हैं। आमतौर पर रक्षाबंधन जैसे मौकों पर दिल्ली-एनसीआर में फिल्में काफी अच्छी कमाई करती हैं, लेकिन इस बार बेल बॉटम को इसका ज्यादा फायदा नहीं मिला।
ये भी पढ़ें- 'Indian Idol की ट्रॉफी जीतकर ज्यादा खुशी नहीं हुई, क्योंकि...', पवनदीप राजन का छलका दर्द











Click it and Unblock the Notifications