Hera Pheri 3: क्या फिर से हेरा फेरी नहीं करने आएंगे 'राजू'? फिल्म में हुई अब इस एक्टर की एंट्री
बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने भूल भुलैया के बाद अब अक्षय कुमार की अगली फिल्म हेरा फेरी 3 पर हाथ आजमाया है। इस बात की जानकारी परेश रावल ने दी है।
Hera Pheri 3: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'हेरा फेरी' फैंस के दिलों के बेहद करीब है। इस फिल्म में एक्टर ने राजू का किरदार निभाया था और आज भी फिल्म के कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। हेरा फेरी के दोनों पार्ट में ही अक्षय कुमार की एक्टिंग फैंस को काफी पसंद आई थी। पिछले कुछ दिनों से लगातार इस बात की चर्चा चल रही थी कि जल्द ही हेरा फेरी 3 में अक्षय कुमार एक बार फिर फैंस को एंटरटेन करने वाले हैं। लेकिन इस बीच परेश रावल ने फैंस को फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने अब ये कंफर्म कर दिया है कि हेरा फेरी 3 में कार्तिक आर्यन की एंट्री हुई है।

'हेरा फेरी 3' में हुई कार्तिक आर्यन की एंट्री
दरअसल ट्विटर पर एक यूजर ने परेश रावल को टैग करते हुए पूछा था कि 'क्या यह सच है कि कार्तिक आर्यन 'हेरा फेरी 3' करेंगे?' इस ट्वीट का रिप्लाई कर परेश रावल ने लिखा कि, "हां यह सच है।" अब परेश रावल के इस ट्वीट के बाद लगातार ट्विटर #HeraPheri ट्रेंड कर रहा है। वहीं फैंस फिल्म में कार्तिक आर्यन की एंट्री को लेकर काफी नाराज हैं। हालांकि परेश रावल के इस ट्वीट से साफ नहीं हुआ है कि अक्षय कुमार को रिप्लेस किया गया है या फिर दोनों कुछ नया सरप्राइज फैंस के लिए प्लान कर रहे हैं।
मेकर्स के फैसले से फैंस नाराज
हालांकि इस खबर के सामने आने के बाद अक्षय कुमार के फैंस काफी गुस्से में हैं और लगातार वह कार्तिक आर्यन को ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि, "कार्तिक आर्यन इसको भी बर्बाद करेगा, उसे सिर्फ आइकॉनिक मूवीज की सीक्वल करनी है, स्क्रिप्ट से कोई मतलब नहीं है।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'अगर अक्षय कुमार नहीं होंगे तो सुनील शेट्टी भी फिल्म में नहीं चाहिए'।
'भूल भुलैया 2' पर भी मारा था हाथ
आपको बता दें कि इससे पहले कार्तिक आर्यन ने अक्षय कुमार की फिल्म भूल भुलैया 2 में हाथ मारा था। हालांकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। फिल्म में कार्तिक आर्यन की एक्टिंग को काफी पसंद भी किया गया था। लेकिन लगता है कि अब हेरा फेरी में फैंस अक्षय कुमार को रिप्लेस होते हुए नहीं देखना चाहते हैं। देखना होगा कि मेकर्स आने वाले दिनों में क्या फैसला करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications