'हा हा हा... मैं भारत की सबसे शक्तिशाली महिला', आखिर क्यों कंगना रनौत ने कही ये बात
नई दिल्ली, 1 दिसंबर: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कंगना रनौत ने सबसे पहले बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों के खिलाफ मोर्चा खोला। इसके बाद वो देश के हर मुद्दे पर अपनी राय देने लगीं। जिसमें कई विवादित पोस्ट भी शामिल हैं। इसी वजह से उनका ट्विटर अकाउंट बहुत पहले ही ब्लॉक हो गया था। हाल ही में उन्होंने अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट पर खालिस्तानी आतंकवादियों को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर हुई। अब उस पर कंगना ने प्रतिक्रिया दी है।

याचिका में क्या मांग?
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट चरनजीत सिंह चंद्रपाल ने कंगना के खिलाफ एक याचिका दायर की। जिसमें उन्होंने ये मांग की कि देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में कंगना की हर सोशल मीडिया पोस्ट को सेंसर किया जाए। इसके अलावा याचिका में किसान आंदोलन को लेकर कंगना के खिलाफ जो मामले दर्ज किए गए हैं, उन सभी को मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर करने की मांग की गई। याचिकाकर्ता चाहते हैं कि सभी मामलों में 6 महीने के अंदर चार्जशीट दर्ज हो।

कंगना ने कही ये बात
इसी मामले में अब कंगना की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सेंसरशिप की मांग वाली एक न्यूज रिपोर्ट इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। इसके साथ ही कंगना ने लिखा कि "हा हा हा इस देश की सबसे शक्तिशाली महिला"। इसके अलावा उन्होंने क्राउन वाला इमोजी भी बनाया। उनकी स्टोरी का स्क्रीनशॉट काफी वायरल हो रहा है।

जान से मारने की धमकी
वहीं कंगना को हाल ही में एक शख्स ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिस पर उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने एफआईआर की कॉपी शेयर करते हुए लिखा कि मेरी 26/11 वाली पोस्ट पर मुझे विघटनकारी ताकतों की तरफ से निरंतर धमकियां मिल रही हैं। बठिंडा के एक भाई साहब ने तो मुझे खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। मैं इस तरह की गीदड़ भभकी या धमकियों से नहीं डरती। देश के खिलाफ षड्यंत्र करने वालो और आतंकी ताकतों के खिलाफ बोलती हूं और हमेशा बोलती रहूंगी।

सोनिया गांधी ये मांगी मदद
कंगना ने आगे लिखते हुए कहा कि मैं कांग्रेस की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया जी को भी याद दिलाना चाहूंगी कि आप भी एक महिला हैं, आपकी सास इंदिरा गांधी जी इसी आतंकवाद के खिलाफ अंतिम समय तक मजबूती से लड़ीं। कृपया पंजाब के अपने मुख्यमंत्री को निर्देश दें कि वो इस तरह के आतंकवादी, विघटनकारी और देशविरोधी ताकतों की धमकी पर तुरंत कार्रवाई करें।












Click it and Unblock the Notifications