Adipurush: ओम राउत पर भड़की बीजेपी और महासभा, कहा- 'लंकापति के साथ भद्दा मजाक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा...'
मनोरंजन डेस्क, 04 अक्टूबर। कहते हैं कि जिसका इंतजार आप अगर शिद्दत से किए हों लेकिन जब उसका नतीजा आपके मन के मुताबिक नहीं होता है, तब काफी निराशा होती है और ऐसा ही कुछ हुआ सैफ, प्रभास और कृति की आने वाली फिल्म 'आदिपुरुष ' के साथ, जिसके टीजर को देखकर लोग काफी अपसेट हो गए हैं। इसके पीछे वजह है कि टीजर में रावण का किरदार निभा रहे एक्टर सैफ अली खान का लुक, जिसे देखकर लोगों को मुगल शासकों की याद आ रही है ना कि रावण की।

ओम राउत पर भड़की BJP
सोशल मीडिया पर तो जमकर फिल्म के खिलाफ बयानबाजी हो रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा और हिंदू महासभा भी फिल्म के टीजर पर भड़क गए हैं। भाजपा प्रवक्ता मालविका अविनाश ने फिल्म के निर्देशक ओम राउत पर गुस्सा निकाला है और कहा है कि 'कुछ अलग करने के चक्कर में उन्होंने रामायण के करेक्टर को परिहास का विषय बना दिया।'

लंकापति सूरमे वाला कैसे हो गया...
'लगता है उन्होंने फिल्म बनाने से पहले ना तो वाल्मीकि रामायण, ना कम्बन रामायण और ना ही रामचरित मानस के बारे मे पढ़ा है। रामायण असुर था, मायावी था और बहुत बड़ा शिवभक्त था लेकिन राउत का रावण तो लंबी दाढ़ी, सूरमे वाली आंखों का है, जो कि सरासर गलत है।'

बंद करो भद्दा मजाक
उन्होंने आगे कहा कि 'बॉलीवुड को हमारे पौराणिक चरित्रों से मजाक करना बंद करना होगा। रामायण केवल एक ग्रंथ नहीं बल्कि भरोसा है, जो हमारे लिए क्या मायने रखता है, इसे किसी को भी बताने की जरूरत नहीं लेकिन बॉलीवुड में जो हो रहा है, वो दुखी करने वाला है।'

आतंकी खिलजी, चंगेज खान या औरंगजेब...
केवल बीजेपी ही नहीं बल्कि हिंदू महासभा भी फिल्म की पूरी यूनिट पर भड़क गई है। महासभा के अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने कहा, 'भगवान शिव के भक्त लंकापति रावण की भूमिका में सैफ अली खान का ऐसे चित्रण किया गया है जैसे वह आतंकी खिलजी या औरंगजेब है। न तो लंकेश के माथे पर तिलक है और न त्रिपुंड। लंकापति के पुष्पक विमान को भी चमगादड़ की तरह दिखाया गया है, हमारे पौराणिक चरित्रों के साथ ऐसा भद्दा मजाक हम बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।'

फिल्म को बॉयकॉट करने की जरूरत
मालूम हो इससे पहले सोशल मीडिया यूजर्स भी सैफ के लुक पर भड़क चुके हैं, कुछ लोगों ने तो सैफ के करेक्टर को देखकर कहा था कि 'ये बाबर, तैमूर, खिलजी लग रहा, रावण किसने बना दिया?' फिल्म को बॉयकॉट करने की जरूरत है।'
फिल्म 'आदिपुरुष' 12 जनवरी को रिलीज होगी
आपको बता दें कि 500 करोड़ की बनी फिल्म 'आदिपुरुष' 12 जनवरी 2023 को रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार है। फिल्म के खिलाफ तेजी से बयानबाजी जारी है लेकिन फिल्म की यूनिट की ओर से इस बाबत अभी तक कोई भी बयान सामने नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications