Adipurush Row:'मुसलमान नहीं बल्कि हिंदू सौ करोड़ होने पर भी सुरक्षित नहीं', मुकेश खन्ना ने क्यों कहा ऐसा?
Mukesh Khanna on Adipurush :अपने डायलॉग्स और किरदारों के वेशभूषा की वजह से लोगों के निशाने पर आई फिल्म 'आदिपुरुष' की टीम पर महाभारत के 'भीष्म' यानी कि मुकेश खत्ना का गुस्सा जमकर फूटा है।

उन्होंने साफ तौर पर फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर और निर्देशक ओम राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि 'कुछ लोग केवल हिंदू धर्म को बदनाम करने के लिए फिल्म बनाते हैं और 'आदिपुरुष' इसका साक्षात प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 'मैं इसका ट्रेलर ही देखकर समझ गया था कि ये एक घटिया फिल्म है, जिसे देखने की जरूरत ही नहीं है।'
'रामायण के नाम पर घटिया कॉमेडी फिल्म'
अपने तल्ख बयानों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहने वाले मुकेश खन्ना ने कहा कि 'रामायण एक किताब या ग्रंथ नहीं बल्कि आस्था और विश्वास है। उसके नाम पर यहां पर एक कॉमेडी फिल्म बनाई गई है। ये अव्वल दर्जे का घटियापन है, जिसके लिए पूरी तरह से फिल्म का लेखक जिम्मेदार है।'
'सबसे बड़ी गलती सेंसर बोर्ड की है'
'लेकिन उनसे भी बड़ी गलती सेंसर बोर्ड की है, जिसने इस फिल्म को पास किया। हालांकि वो कैसे इतना गैरजिम्मेदार बर्ताव कर सकता है। जिस तरह के संवादों का प्रयोग फिल्म में हुआ है, उसे उसने कैसे पास कर दिया? फिल्म में केवल संवाद या वेशभूषा ही गलत नहीं बल्कि फैक्टस भी गलत दिखाए गए हैं, हम इसे दिखाकर अपनी नई पीढ़ी को क्या परोस रहे हैं?'
धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़
उन्होंने आगे कहा कि 'सेंसर बोर्ड कर क्या रहा है। कभी वो 'काली मां' के सिगरेट वाले पोस्टर को पास करता है तो कभी लक्ष्मी मां को 'बम' कहने वाले पोस्टर को स्वीकृति देता है। आखिर वो कैसे इस तरह से धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर सकता है।'
'हिंदू सौ करोड़ होने पर भी सुरक्षित नहीं है'
मुकेश खन्ना यहीं नहीं रूके उन्होंने आगे कहा कि 'कुछ वक्त पहले मशहूर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि देश में मुस्लिम सुरक्षित नहीं है तो वही अब मुझे लगता है कि 'हिंदू सौ करोड़ होने पर भी सुरक्षित नहीं है'। अगर हिंदूओं को सुरक्षित रहना है तो उन्हें एको होना ही होगा वरना लोग इसी तरह से हमारे धर्म का मजाक उड़ाते रहेंगे। '
मनोज मुंतशिर होते कौन हैं...
उन्होंने कहा कि 'मनोज मुंतशिर ने रामायण पर अपना वर्जन लिखे हैं अरे वो होते कौन हैं अपना वर्जन लिखने वाले, उन्हें हक किसने दिया ऐसा करने का। वो क्या हमारे बच्चों को ये बताना जा रहे थे कि उनके मां-बाप जो स्टोरी बताते आए हैं वो गलत थी, जो भी हुआ है वो शर्मनाक है।'
क्या कहा था नसीरुद्दीन शाह ने?
पिछले दिनों बहुमुखी प्रतिभा के धनी एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि' देश में मुस्लिमों से नफरत करना एक फैशन बन गया है इसलिए मुझे लगता है कि देश में मुसलमान सुरक्षित नहीं है।' उन्होंने ये बयान फिल्म 'द केरल स्टोरी' और 'द कश्मीर फाइल्स' के संदर्भ में कही थी।
नसीरुद्दीन शाह पर भी भड़के थे मुकेश खन्ना
नसीरुद्दीन शाह के इस बयान पर भी मुकेश खन्ना काफी गुस्सा हुए थे और उन्होंने कहा था कि 'एक अव्वल और प्रतिभाशाली एक्टर इस तरह की बचकानी बात कर सकता है, मैं कभी सोच भी नहीं सकता था। आप भी लव जिहाद की टीम को प्रमोट करने वाली गैंग में शामिल हो गए हैं।'
'ये आपकी बुद्धि की बलिहारी है...'
'अगर साक्षी, श्रद्धा और अंकिता कांड, की घटना के बाद भी आप ये कह रहे हैं कि देश में मुस्लिम सुरक्षित नहीं तो ये आपकी बुद्धि की बलिहारी है। ईश्वर आपको सद्बुद्धि दे ! आप फिर से अपने विचारों के बारे में सोचिए वरना लोग आपकी फिल्में देखना बंद कर देंगे। सच्चाई तो ये है कि देश में हिंदू ही सुरक्षित नहीं हैं।'












Click it and Unblock the Notifications