मीराबाई चानू ने की सलमान खान से मुलाकात, खिलाड़ी बोलीं-सच हुआ सपना
मुंबई, अगस्त 11: अभिनेता सलमान खान ने बुधवार को टोक्यो ओलंपिक 2020 में सिल्वर मेडल जीतने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के साथ की तस्वीर शेयर कर फैन्स को चौंका दिया। सलमान ने मीराबाई को गले लगाया और हाल ही में आयोजित टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर बधाई दी। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू सलमान खान की फैन हैं और अपने इंटरव्यू में इस बात का जिक्र कर चुकी हैं।

फोटो में सलमान ने काले रंग की टी-शर्ट पहनी थी और गले में स्टोल पहना हुआ था। मीराबाई ने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी और कैमरे के लिए मुस्कुरा रही थीं। सलमान ने सोशल मीडिया पर मीराबाई चानू संग तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है- सिल्वर मेडल विजेता के लिए शुभकामनाएं, मीराबाई चानू आपसे प्यारी मुलाकात, हमेशा शुभकामनाएं! 26 साल की मीराबाई ने महिलाओं की 49 किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता है।
मीराबाई ने ट्वीट को रीपोस्ट किया और लिखा, बहुत बहुत धन्यवाद सलमान खान सर। मैं आपकी बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। इससे पहले एक इंटरव्यू में मीराबाई ने कबूल किया था कि वह सलमान खान की फैन हैं। मीराबाई मुंबई में हैं। उन्होंने बुधवार को इससे पहले क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर से भी मुलाकात की। वो लगातार बॉलीवुड और खेल की दुनिया से जुड़े तमाम सितारों से मुलाकात कर रही हैं।
महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने सचिन के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, 'आज सुबह सचिन तेंदुलकर सर से मिलकर अच्छा लगा। उनकी ज्ञान और प्रेरणा भरी बातें हमेशा मेरे साथ रहेंगीं। उनसे मिलकर बहुत इंस्पायर्ड हूं। तस्वीर में मीरा बाई अपना सिल्वर मेडल सचिन तेंदुलकर को दिखाते हुए नजर आ रही हैं। तेंदुलकर ने भी चानू के लिए ट्वीट किया और लिखा, 'आपसे मिलकर उतनी ही खुशी हुई मुझे भी हुई है, मणिपुर से टोक्यो तक की आपकी प्रेरक यात्रा के बारे में आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा। कड़ी मेहनत करते रहें..।'












Click it and Unblock the Notifications