राजकुमार राव के नाम पर हो रही थी 3 करोड़ की ठगी, एक्टर ने लोगों को किया अलर्ट
मुंबई, जनवरी 05। साइबर क्राइम आज के समय में ऐसा अपराध है, जिसका ना सिर्फ एक आम आदमी बल्कि बड़े से बड़ा कलाकार भी इसका शिकार हो जाता है। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी अभी तक साइबर क्राइम का शिकार हो चुके हैं। इस बीच अभिनेता राजकुमार राव भी साइबर क्राइम के शिकंजे में फंसने से बाल-बाल बचे हैं। राजकुमार राव ने सोशल मीडिया पर बताया है कि कुछ लोग फेक ईमेल आईडी और मैनेजर्स के जरिए उनके नाम पर लोगों से पैसों की वसूली कर रहे हैं।

एक्टर के नाम पर 3 करोड़ से अधिक की उगाही
राजकुमार राव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक मेल का स्क्रीनशॉट लगाया है जिसमें लिखा है, '#FAKE प्लीज आपलोग इस तरह के फर्जी लोगों से सावधान रहें, मैं किसी सौम्या नाम के शख्स को नहीं जानता, ये लोग फेक ईमेल आईडी और मैनेजर्स का इस्तेमाल कर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं।" आपको बता दें कि राजकुमार राव ने जिस फेक ईमेल आईडी की कॉपी शेयर की है, उसमें एक्टर के नाम से फिल्म अग्रीमेंट के लिए 3.1 करोड़ की मांग की गई है।

क्या लिखा है मेल में
राजकुमार राव ने जो स्क्रीनशॉट लगाया है उसमें लिखा है, "हाय अर्जुन, आपकी और मेरी मैनेजर सौम्या से हमारी आखिरी बातचीत के अनुसार, मैं कहना चाहता हूं कि 'हनीमून पैकेज' नाम की फिल्म को करने के लिए मैं पूरी तरह से सहमत हूं, जिसे मिस्टर संतोष मास्की लिख रहे हैं और क्रू में डायरेक्टर भी संतोष मास्की ही हैं। फिलहाल मैं मुंबई में उपलब्ध नहीं हूं, इसलिए अपनी सहमति के लिए मेल भेज रहा हूं।"

फर्जी मेल में दिया है राजकुमार राव का नाम
मेल में आगे लिखा है, "साइन करने का प्रोसेस और स्क्रिप्ट नैरेशन का काम और मेल किए गए एग्रीमेंट की हार्ड कॉपी मेरे मुंबई पहुंचने के बाद कर लेंगे, लेकिन यह एंग्रीमेंट तभी लागू होगा, जब आप मेरे अकाउंट में 3 करोड़ 10 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर कर देंगे। मैं 6 जनवरी को हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में नैरेशन के लिए उपलब्ध रहूंगा। आप सभी आमंत्रित हैं। आभार राजकुमार राव।












Click it and Unblock the Notifications