मलाइका अरोड़ा की कार का हुआ एक्सीडेंट, हॉस्पिटल में करायी गईं भर्ती
मुंबई, 02 अप्रैल: बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा शनिवार को हुए एक कार एक्सीडेंट में घायल हो गई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मलाइका की कार का एक्सीडेंट मुम्बई पुणे एक्सप्रेस पर हुआ है। रिपोर्ट्स की माने तो मलाइका के सिर पर चोट लगी है। जिसके बाद उन्हें मुंबई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।आपको बता दें कि शनिवार दोपहर मलाइका अरोड़ा एक फैशन इवेंट में हिस्सा लेने पुणे गई हुई थीं।

एक्ट्रेस को एक्सीडेंट में मामूली तौर पर सिर में चोट आई है
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक मलाइका की कार का एक्सीडेंट खोपोली के पास मुम्बई पुणे एक्सप्रेसवे पर हुआ। दुर्घटना मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 38 किमी के बिंदु पर हुई जो एक दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। जहां तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई है। तीनों वाहनों को नुकसान हुआ है। दुर्घटना के तुरंत बाद मोटर चालक भाग गए खोपोली पुलिस के हवाले से बताया कि एक्ट्रेस को एक्सीडेंट में मामूली तौर पर सिर में चोट आई है, जिसके बाद एक्ट्रेस को अपोलो अस्पताल ले जाया गया है।

मनसे कार्यकर्ताओं ने मलाइका को अस्पताल पहुंचाया
मराठी न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, मलाइका को राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचाया है। मलाइका की कार जिन तीन अन्य कारों से टकराई वह उन्हीं कार्यकर्ताओं की थीं, जो राज ठाकरे की सभा में शरीक होने के लिए पुणे से मुंबई जा रहे थे। मनसे पदाधिकारी जयराम लांडगे का कहना है, 'हम मनसे चीफ राज ठाकरे की सभा में शामिल होने मुंबई जा रहे थे। तभी पनवेल के पास मलाइका की कार का बैलेंस बिगड़ा और उनकी कार हमारी कार से टकरा गई। इस दुर्घटना में मलाइका का आंखों में चोट लगी है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
खोपोली पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक शिरीष पवार ने कहा कि, इस घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है। खोपोली पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक हरेश कालसेकर ने कहा कि, मलाइका की रेंज रोवर समेत हमें तीनों कारों की पंजीकरण संख्या प्राप्त हुई है और अब हम मालिकों से यह समझने के लिए संपर्क करेंगे कि वास्तव में क्या हुआ था। वर्तमान में हमने घटना का उल्लेख किया है और दुर्घटना कैसे हुई और कौन था इसकी जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

इन दिनों इस शो में नजर आ रही हैं मलाइका
बता दें कि मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड में एक जानी पहचानी अभिनेत्री हैं। उन्हें उनके डांस के लिए विशेष तौर पर जाना जाता है। छैया छैया, माही वे, मुन्नी बदनाम और भी कई गानों में उनके डांस को काफी सराहा गया है। मलाइका इंडियाज बेस्ट डांसर, इंडियाज गॉट टैलेंट, झलक दिखला जा जैसे कुछ टैलेंट शो भी जज की भूमिका में भी नजर आई हैं। वहीं मलाइका की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वह अरबाज खान से तलाक लेने के बाद वह एक्टर अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं। वे अक्सर अर्जुन के साथ अपनी रोमांटिक फोटो शेयर करती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications