Mangal Dhillon Death: पंजाब के छोटे से गांव से लेकर बड़े पर्दे तक, कैसा रहा अभिनेता मंगल ढिल्लों का सफरनामा
Mangal Dhillon Death: जुनून और बुनियाद फेम दिग्गज अभिनेता मंगल ढिल्लों का 11 जून को निधन हो गया। उन्हें लंग कैंसर था। पिछले एक महीने से उनका लुधियाना के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था।
Mangal Dhillon Death: लोकप्रिय अभिनेता-लेखक-निर्देशक और प्रोड्यूसर मंगल ढिल्लों का 11 जून 2023 की सुबह निधन हुआ। मंगल ढिल्लों लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे, उन्हें लंग कैंसर था। पिछले एक महीने से लुधियाना के कैंसर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपुरा के पास वांडर जटाना गांव में मंगल ढिल्लों का जन्म हुआ था। गांव के सरकारी स्कूल से ही मंगल ढिल्लों ने चौथी क्लास तक की पढ़ाई पूरी की थी।

इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए उत्तर प्रदेश आ गए थे। यहां यूपी में उन्होंने लखीमपुर खीरी जिले के निघासन में जिला परिषद हाई स्कूल से पढ़ाई की। उसके बाद फिर वापस पंजाब लौट गए।
जहां उन्होंने कोट कपूरा से अपनी उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की। उन्होंने मुक्तसर गवर्नमेंट कॉलेज से स्नातक किया।
मंगल ढिल्लों को एक्टिंग और कला की दुनिया से काफी लगाव था। अपने इसी शौक को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने पहले दिल्ली में रंगमंच में काम किया। इसके बाद वह 1979 में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में भारतीय रंगमंच विभाग में शामिल हुए।
मंगल ढिल्लों ने 1980 में एक्टिंग में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी किया। मंगल ढिल्लों को पहचान टीवी शो बुनियाद और जूनून से मिली। बुनियाद टीवी पर 1986 में आई थी, इस शो में मंगल ढिल्लों ने लुभया राम किरदार निभाया था। 1993 में आई शो जुनून में मंगल ढिल्लों ने सुमेर राजवंश की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा कथा सागर, परमवीर चक्र, युग जैसे टीवी सीरियलों में मंगल ढिल्लों ने काम किया था।
मंगल ढिल्लों को आखिरी बार 2000 में टीवी शो नूरजहां में देखा गया था। जिसमें उन्होंने बादशाह अकबर की भूमिका निभाई थी। मंगल ढिल्लों ने टीवी धारावाहिक जूनून में अपनी भूमिका के लिए 998 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए RAPA (रेडियो एंड टेलीविजन एडवर्टाइजिंग प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन) का पुरस्कार जीता था।

मंगल ढिल्लों ने एक ही समय में टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री दोनों जगह काम किया था। 1988 की फिल्म खून भरी मांग में मंगल ढिल्लों ने एक वकील की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में रेखा ने मुख्य भूमिका निभाई। इससे पहले उन्होंने कई और फिल्मों में अभिनय किया था।
मंगल ढिल्लों को प्यार का देवता, रणभूमि, स्वर्ग यहां नरक यहां, विश्वात्मा, दिल तेरा आशिक, ट्रेन टू पाकिस्तान, कहां है कानून, अपना देश पराए लोग, प्यार का देवता जैसी फिल्मों में काम करने के लिए जाना जाता है। उन्हें 2003 में फरदीन खान-अभिनीत जानशीन में भी देखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications