कैंसर से जूझ रहे हैं ये दिग्गज अभिनेता, लास्ट स्टेज में पहुंची बीमारी, पहचान पाना भी हुआ मुश्किल
Junior Mehmood cancer: हिंदी सिनेमा जगत के दिग्गज अनुभवी अभिनेता और फिल्म निर्माता जूनियर महमूद कैंसर से जूझ रहे हैं। उनकी कैंसर लास्ट स्टेज यानी चौथे स्टेज में है। उन्हें नवंबर में ही कैंसर का पता चला था। 67 वर्षीय जूनियर महमूद को कटी पतंग और आन मिलो सजना जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है।
जूनियर महमूद से हाल ही में कॉमेडियन और अभिनेता जॉनी लीवर (johnny lever) मिलने और उनका हाल-चाल जानने पहुंचे थे। जॉनी लीवर ने जूनियर महमूद से उनके मुंबई स्थित आवास पर मुलाकात की थी। जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो ही है। मिलने के बाद जॉनी लीवर ने कहा था कि उनकी हालत बहुत खराब है और उनको पहचान पाना भी मुश्किल है।

दोस्त ने बताया, कैसी है जूनियर महमूद की हालत?
जूनियर महमूद की हालत के बारे में एक्टर के करीबी दोस्त सलाम काजी (Salam Kazi) ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, 'वह ( जूनियर महमूद) 2 महीने से बीमार थे और शुरुआत में हमें लगा कि उन्हें कोई छोटी-मोटी दिक्कत होगी लेकिन उसके बाद अचानक उनका वजन कम होने लगा। और हमें पता चला कि वो कैंसर से जूझ रहे हैं।'
सलाम काजी और उनकी दोस्ती 15 सालों की है। उन्होंने कहा है कि जूनियर महमूद का इलाज अब उनके परिवार के साथ घर पर ही किया जा रहा है।
जूनियर महमूद को लीवर और फेफड़ों का है कैंसर
सलाम काजी ने कहा, ''जब जूनियर महमूद की मेडिकल रिपोर्ट आई तो बताया गया कि लीवर और फेफड़ों में कैंसर है और आंत में ट्यूमर है और उन्हें पीलिया भी हो गया है। तो इलाज चल रहा है, लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि यह स्टेज चार का कैंसर है।"
सलाम काजी ने कहा, "कैंसर का पता एक महीने पहले ही चला था और वह चौथे स्टेज में है। डॉक्टरों ने हमें बताया है कि उसके पास केवल 40 दिन हैं लेकिन हम सभी उसके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"
जूनियर महमूद के बीमारी की खबर के बारे में जैसे ही अभिनेता जॉनी लीवर को पता चला वह जूनियर महमूद से मिलने गए।#JohnnyLever #JuniorMehmood pic.twitter.com/XYFYAC0DFI
— Yogendra Mittal (@YogendraMitta13) December 2, 2023
क्या वित्तीय समस्याओं से जूझ रहे हैं जूनियर महमूद?
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि जूनियर महमूद की मदद के लिए जॉनी लीवर आए थे। लेकिन काजी ने स्पष्ट किया कि जूनियर महमूद के पास कोई वित्तीय समस्या नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि, जॉनी एक ऐसा व्यक्ति है जो बिना मांगे लोगों की मदद करने के लिए तैयार रहता है।
सलाम काजी ने कहा, "जूनियर महमूद ने मराठी फिल्मों का निर्माण किया है और उनसे पैसा कमाया है लेकिन वह जॉनी लीवर के आभारी हैं जो फिल्म उद्योग से आने वाले पहले व्यक्ति थे।"
सलाम काजी ने कहा, "जॉनी लीवर ने पूछा कि क्या किसी मदद की जरूरत है, लेकिन जूनियर महमूद के बच्चों ने कहा कि वे अच्छे हैं और देखभाल कर रहे हैं, लेकिन जॉनी लीवर ने उन्हें बताया कि वह उनके लिए वहां हैं और केवल एक फोन कॉल की दूरी पर हैं।"
200 से ज्यादा फिल्मों में जूनियर महमूद ने किया है काम
जूनियर महमूद ने अलग-अलग भाषाओं में 200 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उन्हें ब्रह्मचारी (1968), मेरा नाम जोकर (1970), परवरिश (1977), और दो और दो पांच (1980) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications