धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिली, पीठ दर्द के बाद किए गए थे एडमिट
मुंबई, 1 मई: मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। 86 साल के धर्मेंद्र को पठ दर्द की शिकायत के बाद चार दिन पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया था। रविवार शाम को तबीयत में सुधार के बाद उनको डिस्चार्ज कर दिया गया। ब्रीच कैंडी अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभिनेता धर्मेंद्र को शूटिंग के दौरान पीठ में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें 4 दिन पहले भर्ती कराया गया था। अब उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

धर्मेंद्र बढ़ती उम्र की वजह से कई तरह की स्वास्थ्य संबधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। हालांकि इसके बावजूद भी वो फिल्मों में काम कर रहे हैं। करण जौहर की आने वाली फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में धर्मेंद्र दिखेंगे, जिसकी शूटिंग फिलहाल चल रही है। जिसमें उनके साथ आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, जया बच्चन और शबाना आजमी भी नजर आएंगी। वहीं धर्मेंद्र अपने बेटों सनी देओल और बॉबी देओल के साथ अपने 2 में भी काम करने जा रहे हैं। उनके पोते (सनी के बेटे) करण देओल भी इस फिल्म में दिखेंगे।
धर्मेंद्र हिन्दी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। उन्होंने 1960 में फिल्म करियर की शुरुआत की थी। उनके नाम पर कई सुपरहिट फिल्में हैं। जिसमें शोले, धरम वीर, सीता और गीता, ड्रीम गर्ल, आंखें, लोहा जैसी फिल्में शामिल हैं। धर्मेंद्र अभिनेता होने के साथ-साथ पूर्व सांसद भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications