अमिताभ बच्चन से नाराज हैं अंजन श्रीवास्तव, सुनाया अपना दर्द, कहा- KBC के बाद बिग बी बदल गए, रिश्ता तोड़ लिया
Amitabh Bachchan and Aanjjan Srivastav: टीवी से लेकर बॉलीवुड तक में अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाले एक्टर अंजन श्रीवास्तव हाल ही में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से खासे नाराज नजर आए। आपको बता दें कि एक समय पर अंजन श्रीवास्तव और अमिताभ बच्चन की गहरी दोस्ती थी। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम भी किया है। अंजन श्रीवास्तव ने एक इंटरव्यू में बताया है कि वह बिग बी के मुश्किल वक्त में भी उनके साथ खड़े थे लेकिन 'कौन बनेगा करोड़पति' के बाद उनके रिश्तों में खटास आ गई। अचानक ही अमिताभ बच्चन ने उनसे मुंह मोड़ लिया।
अंजन श्रीवास्तव ने खोले अमिताभ बच्चन के राज
आपको बता दें कि 90 के दशक में एक्टर अंजन श्रीवास्तव कई हिंदी फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने अमिताभबच्चन के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है। वहीं हाल ही में अंजन श्रीवास्त ने एक इंटरव्यू में बताया- एक समय ऐसा आया था जब अमिताभ जी की आर्थिक हालत बहुत खराब हो गई थी। उन दिनों उनके खिलाफ बहुत बड़ी क्रांति हो रही थी। मैं फिल्म 'तूफान' के सेट पर उनसे मिलने के लिए पहुंचा था ताकि ये पता लगा सकूं कि वह कैसे हैं।

'पैसों के चलते अमिताभ बच्चन की हालत बुरी हो गई थी'
अंजन श्रीवास्तव ने आगे बताया- उन दिनों कोलकाता में अमिताभ बच्चन के खिलाफ बहुत बड़ा विरोध प्रदर्शन चल रहा था। पोस्टर फाड़े जा रहे थे और इधर बिग बी भी काफी दुखी थे। एक्टर ने कहा- इलाहाबाद के साहित्यकारों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी थी। उनके पिता के दोस्तों ने बिना कुछ जाने-समझे उनके बारे में बुरा बोलना शुरू कर दिया था। ऐसे में अमिताभ बच्चन उदास रहने लगे थे। उनकी हालत बहुत ही बुरी थी और उस समय उनका एक्सीडेंट भी हो गया था। मैं रोजाना उनसे मिलने के लिए पहुंचता था। अमिताभ बच्चन एक बहुत ही अच्छे इंसान है।
'अमिताभ बच्चन बैंकरप्ट हो गए थे'
अंजन श्रीवास्तव ने बताया- गलत बैंक स्टेटमेंट्स की वजह से उस समय अमिताभ बच्चन बुरी तरह से फंस गए थे। बिग बी अपने एबीसीएल अकाउंट के चलते फंस गए थे। वहीं लोग उन्हें बुरी तरह ठग रहे थे। मुझे और मेरे मैनेजर को एहसास हो रहा था कि बिग बी के साथ गलत हो रहा है। मैंने खुद बैंक मैनेजर से कहा कि वो अमिताभ बच्चन के खिलाफ मुकदमा दायर न करें क्योंकि वह निर्दोष थे और उन्हें इस मामले में सिर्फ घसीटा जा रहा था।
अंजन श्रीवास्तव ने कहा- मैंने अमित जी की पूरी मदद की थी
अंजन श्रीवास्तव ने आगे कहा- जब मैंने अमिताभ बच्चन से मुलाकात की तो वह हाथ जोड़कर खड़े हो गए थे। उस समय अमिताभ बच्चन ने मुझसे कहा था- मैं जल्द से जल्द आपके पैसे लौटा दूंगा। मैंने उनसे कहा था कि आप तब पैसे लौटा दीजिएगा जब आप समर्थ हों। हमें आप पर पूरा भरोसा है कि आप पैसे देंगे और आपका इरादा बिल्कुल सही है। लेकिन इस तरह की बैंकिंग में दूसरे बैंकों से लेन-देन न करें। इसके बाद धीरे धीरे उन्होंने बैंक के सारे पैसे उतार दिए थे।
'कौन बनेगा करोड़पति' के शुरू होने के बाद बिग बी बदल गए थे
अंजन श्रीवास्तव ने बताया कि एक समय पर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन कंगाल हो गए थे। उनकी कंपनी एबीसीएल भारी नुकसान में चल रही थी। लेकिन 'कौन बनेगा करोड़पति' शो को होस्ट करने के बाद से उनके दिन सुधरने लगे थे। उन्होंने एक बार फिर से धमाकेदार वापसी की थी। लेकिन अंजन श्रीवास्तव ने कहा कि 'कौन बनेगा करोड़पति' से जुड़ने के बाद अमिताभ बच्चन पूरी तरह बदल गए थे। उन्होंने अपने सभी पुराने दोस्तों से रिश्ता तोड़ लिया था।
'अमिताभ बच्चन और मेरे रिश्ते में भी खटास आ गई थी'
अंजन श्रीवास्तव ने कहा- कौन बनेगा करोड़पति शो शुरू होने के बाद अमिताभ बच्चन और मेरे रिश्ते में भी खटास आ गई थी। पहले बिग बी की पत्नी जया जी मुझे फोन करती थीं और मुझे अपने परिवार के साथ होली मनाने के लिए इंवाइट करती थीं। लेकिन धीरे-धीरे ये सबकुछ खत्म होता चला गया। इससे मेरे करियर पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन एक रिश्ते को नुकसान जरूर हुआ। मुझे लगता है कि मेरे थिएटर के कुछ दोस्तों ने ही अमिताभ बच्चन को मेरे खिलाफ भड़काया होगा लेकिन हमारे बीच की दोस्ती खत्म हो गई।












Click it and Unblock the Notifications