बॉलीवुड के 4 कपल, जिनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बनी असली लव स्टोरी, शूटिंग सेट पर शुरू हुआ था प्यार
Bollywood Couples Love Story: बॉलीवुड सिर्फ फिल्मों, गानों और ग्लैमर के लिए ही नहीं जाना जाता बल्कि यहां कई ऐसी प्रेम कहानियां भी जन्मी हैं जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगतीं। कई बार स्टार्स किसी फिल्म, विज्ञापन या शूटिंग सेट पर साथ काम करते-करते इतने करीब आ जाते हैं कि रील लाइफ की केमिस्ट्री धीरे-धीरे रियल लाइफ प्यार में बदल जाती है।
कैमरे के सामने शुरू हुई प्रेम कहानी
आज हम आपको बॉलीवुड के उन चर्चित कपल्स के बारे में बता रहे हैं, जिनकी प्रेम कहानी कैमरे के सामने शुरू हुई और फिर हमेशा के लिए जिंदगी का हिस्सा बन गई।

रितेश देशमुख-जेनेलिया डी सूजा (Riteish Deshmukha and Genelia D'Souza)
-रितेश देशमुख और जेनेलिया डी सूजा की प्रेम कहानी बॉलीवुड की सबसे प्यारी लव स्टोरीज में गिनी जाती है। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म 'तुझे मेरी कसम' (Tujhe Meri Kasam) के दौरान हुई थी।
-कहा जाता है कि जब जेनेलिया हैदराबाद पहुंची थीं, तब उन्होंने रितेश को एक राजनेता के बेटे के तौर पर देखा था। शुरुआत में जेनेलिया ने रितेश से ज्यादा बातचीत नहीं की लेकिन फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ती गई। रितेश का मजाकिया स्वभाव और सादगी जेनेलिया को पसंद आने लगा था।
-धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए। करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने साल 2012 में शादी कर ली थी। आज भी ये जोड़ी बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में शामिल है।
विराट कोहली-अनुष्का शर्मा (Virat Kohli and Anushka Sharma)
-विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की प्रेम कहानी किसी परीकथा जैसी मानी जाती है। दोनों पहली बार साल 2013 में एक शैंपू विज्ञापन की शूटिंग के दौरान मिले थे।
-शूटिंग के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। क्रिकेट मैदान से लेकर फिल्मी इवेंट्स तक, दोनों अक्सर साथ नजर आने लगे थे। अनुष्का शर्मा कई मैचों में विराट कोहली को सपोर्ट करती दिखाई दी थीं। विराट कोहली भी खुलकर अनुष्का शर्मा के समर्थन में खड़े रहे थे।
-रिश्ते में उतार-चढ़ाव भी आए और एक समय ऐसा भी आया जब दोनों के अलग होने की खबरें सामने आईं लेकिन बाद में दोनों फिर साथ आए और उनका रिश्ता पहले से ज्यादा मजबूत हो गया। साल 2017 में दोनों ने इटली में बेहद निजी समारोह में शादी कर ली। आज विराट और अनुष्का देश के सबसे चर्चित और प्रेरणादायक कपल्स में गिने जाते हैं।
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह (Deepika Padukone and Ranveer Singh)
-दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की लव स्टोरी की शुरुआत फिल्म गोलियों की रासलीला राम-लीला (Goliyon Ki Raasleela Ram-Leela) की शूटिंग के दौरान हुई थी।
-उदयपुर में फिल्म की लंबी शूटिंग के दौरान दोनों के बीच शानदार बॉन्डिंग बन गई। पर्दे पर उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों को इतनी पसंद आई कि फिल्म सुपरहिट साबित हुई। वहीं असल जिंदगी में भी दोनों एक-दूसरे के करीब आते चले गए।
-इसके बाद दोनों ने 'बाजीराव मस्तानी' (Bajirao Mastani), 'पदमावत' (Padmaavat) और '83' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। कई सालों तक डेट करने के बाद साल 2018 में दोनों ने इटली के लेक कोमो में शादी कर ली। आज ये जोड़ी बेटी दुआ के साथ खुशहाल जिंदगी जी रही है।
आलिया भट्ट-रणबीर कपूर (Alia Bhatt and Ranbir Kapoor)
-आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। आलिया भट्ट कई बार इंटरव्यूज में बता चुकी हैं कि उन्हें बचपन से ही रणबीर कपूर पर क्रश था।
-आलिया भट्ट ने बताया था कि जब वह छोटी थीं, तब उन्होंने पहली बार रणबीर कपूर को फिल्म 'ब्लैक' के सेट पर देखा था। रणबीर फिल्म 'ब्लैक' के सेट पर असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। उसी समय से आलिया उन्हें पसंद करने लगी थीं।
-समय के साथ दोनों करीब आए और लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2022 में शादी कर ली। खास बात ये रही कि दोनों ने किसी बड़े होटल में नहीं बल्कि अपने घर 'वास्तु' में बेहद सादगी से शादी की। आज आलिया और रणबीर अपनी बेटी राहा के साथ खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहे हैं।
रील लाइफ से रियल लाइफ तक पहुंचा प्यार
बॉलीवुड की इन प्रेम कहानियों ने साबित किया है कि कई बार कैमरे के सामने निभाए गए रिश्ते असल जिंदगी में भी गहरे जुड़ाव में बदल जाते हैं। यही वजह है कि फैंस इन सितारों को सिर्फ ऑन-स्क्रीन नहीं बल्कि रियल लाइफ में भी साथ देखकर बेहद खुश होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications