वैशाली नगर में भाजपा की सभा पर पथराव, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की बढ़ाई गई सुरक्षा, कांग्रेस पर लगाया आरोप
दुर्ग के वैशाली नगर में भाजपा की सभा के दौरान पथराव के मुद्दे पर अब भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष ने जांच की मांग की है। वहीं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच चुनाव से पहले घमासान मचना शुरू हो गया है। दुर्ग जिले के वैशाली नगर विधानसभा में भाजपा द्वारा शुरू किये गए, छत्तीसगढ़ बचाओ अभियान के तहत आयोजित सभा में अचानक पत्थर बरसने लगे। इस दौरान मंच पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक दयालदास बघेल, जिलाध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया भी मंच पर मौजूद थे। इस पत्थरबाजी का आरोप जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर लगाया है।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भाजपा के विधनासभा स्तरीय सभाओं से बैखला गए है। इसलिए सभा में पत्थरबाजी करवा रहें है। 2023 चुनाव में आम जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। वहीं पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने कहा कि यह कांग्रेस के अंदर भय को दर्शाता है। सभा में पथराव कर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी हताशा जाहिर की है। वहीं ब्रजेश बिचपुरिया ने इस मामले की जांच की मांग की है।

मंच पर हुआ पथराव, नेता रहे मौजूद
दरअसल प्रदेश भर में अपने कांग्रेस भगाओ- छत्तीसगढ़ बचाओ अभियान के तहत भाजपा ने विधानसभा स्तर पर सभाओं की शुरुआत की है। जिसमें पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं। जिसके तहत दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के वैशाली नगर विधानसभा में 19 दिसम्बर को गदा चौक के पास सभा का आयोजन किया गया था। लेकिन सभा के बीच ही मंच पर पथराव शुरू हो गया। सभी नेता मंच से नीचे उतर गए। इस दौरान मंच पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, दयालदास बघेल, भाजपा पार्षद मौजूद थे।

हेलमेट लगाकर पहुंचे थे पूर्व मंत्री चन्द्राकर
वैशाली नगर विधानसभा के सुपेला में आयोजित विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में पथराव का पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने विरोध जताया। सुपेला में पथराव का विरोध जताने के लिए अजय चंद्राकर आज दुर्ग की सभा में हेलमेट लगाकर पहुंचे। तो लोग देखते रह गए। आज दुर्ग विधानसभा स्तरीय सभा को संबोधित करते वक़्त अजय चंद्राकर ने हेलमेट पहना हुआ था। उन्होंने दुर्ग जिले की पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए।
यह भी पढे़ं,, CG BJP: पूर्व सीएम के गढ़ में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय होगी चुनावी रणनीति

पुलिस ने पथराव की घटना से किया इनकार
वहीं पूरे मामले में दुर्ग पुलिस ने पथराव से इनकार कर दिया है। जबकि अजय चंद्राकर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी दुर्ग डॉ अभिषेक पल्लव का कहना है कि पुलिस को शिकायत मिली है। अभी तक पथराव की कोई पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही सभा स्थल पर पुलिस बल भेज दी गई थी। एहतियात के तौर पर पूर्व मंत्री अजय चंद्रकार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें,, CG BJP: पूर्व सीएम के गढ़ में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय होगी चुनावी रणनीति












Click it and Unblock the Notifications