दुर्ग संभाग के जिलों में रिकॉर्ड बारिश, जीवनदायिनी शिवनाथ दिखा रही रौद्र रूप, सेल्फी बन सकती है खतरा
छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग में लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। वही राजनांदगांव जिला के मोंगरा बैराज से आने वाले पानी की वजह से दुर्ग स्थित शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
दुर्ग, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग में लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। वही राजनांदगांव जिला के मोंगरा बैराज से आने वाले पानी की वजह से दुर्ग स्थित शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी स्थित महमरा एनीकट के ऊपर से साढ़े सात फीट पानी बह रहा है। पानी चढ़ने की वजह से छोटे पुल व एनीकेट से भी आवागमन बंद हो गया है। जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं नदी का नजारा देखने व सेल्फी लेने लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जो खतरा बन सकती है।

जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिले के घूमरिया नाला और मोंगरा बैराज से पानी का लेवल बढ़ने के कारण शिवनाथ नदी में 11 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी स्थित महमरा एनीकट के ऊपर से साढ़े नौ फीट पानी बह रहा है। इसके अलावा बेलौदी रपटा,कोटनी-नगपुरा एनीकट के ऊपर भी करीब पांच फीट पानी बह रहा है। एनीकट से आवागमन बंद होने के कारण दुर्ग से नगपुरा,बोरई,अंजोरा ढाबा,हिर्री,दमोदा सहित दर्जनभर गांव का सम्पर्क टूट गया है।
दुर्ग की जीवनदायिनी शिवनाथ दिखा रही रौद्र रूप
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता सुरेश पांडेय ने बताया कि नदी स्थित महमरा एनीकट के ऊपर सात फीट पानी बह रहा है। देर रात तक नदी में पानी और बढ़ेगा। इसके अलावा उरला और कोटनी-नगपुरा एनीकट के ऊपर भी पानी बह रहा है। नदी में जलभराव की बढ़ती स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। महमरा एनीकट के निकट एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है जो एनीकट के निकट आने वाले लोगों पर नजर रख रहा है।
भेंड़सर पुल बना ग्रामीणों का सहारा
भेड़सर-डांडेसरा रोड पर एक छोटा सा पुल बना हुआ है। शिवनाथ का जलस्तर बढ़ने के बाद यह पुल पानी में डूब गया है। पुल डूबने की वजह से डांडेसरा गांव का सीधा संपर्क टूट गया है। यहां के रहवासी ढाबा से डांडेसरा तक बनी एक कच्ची मार्ग से आना जाना कर रहे हैं। वहीं शिवनाथ नदी स्थित महमरा एनीकट गुरुवार को भी ऊफान पर रहा।
नदी का नजारा देखने उमड़ी लोगों की भीड़
शिवनाथ का जल स्तर बढ़ने के साथ ही नदी का नजारा देखने लोगों को भीड़ पहुंच रही है। सुरक्षा के लिहाज से नदी के एक हिस्से में जाली लगाई गई है। लोग जाली के सहारे खड़े होकर नदी का नजारा देख रहे हैं और सेल्फी भी ले रहे हैं। इन्हें रोकने-टोकने वाला वहां कोई नहीं है। जबकि पिछले दिनों नदी में डूबकर मौत की दो घटना हो चुकी है। वहीं मुक्तिधाम के सामने से एनीकट पहुंच मार्ग को बेरीकेट्स लगाकर ब्लाक कर दिया गया है।
जिले में रिकॉर्ड हुई औसत बारिश
जिले में औसत वर्षा की स्थिति में भी सुधार आया है। मंगलवार से लेकर अब तक जिले में 31.4 मिमी औसत वर्षा हुई है। धमधा ब्लाक में सर्वाधिक 60.9 मिमी, दुर्ग मे 46 मिमी और पाटन ब्लाक में 96.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं एक जून से लेकर अब तक जिले में औसत 338.7 मिमी बारिश हुई है। जो दस साल की औसत वर्षा 311 मिमी से अधिक है। बारिश के बाद खेती किसानी के काम में गति आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications