राजनांदगांव: शहीदी सप्ताह में नक्सली कमांडर कर रहे इस तरह की अपील, बॉर्डर इलाकों में पुलिस अलर्ट
सड़कों में पोस्टर बैनर लगाकर शहीदी सप्ताह की जानकारी देते हुए नक्सली इन इलाकों में अपनी उपस्थिति का एहसास कराते हैं। इस एलान के बाद दुर्ग संभाग के राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस अलर्ट हो गई है.
राजनांदगांव, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली कमांडरों ने अपने सीनियर लीडरों के याद में शहीदी सप्ताह का एलान किया है। तब से नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सली शहीदी सप्ताह मना रहे हैं। सड़कों में पोस्टर बैनर लगाकर शहीदी सप्ताह की जानकारी देते हुए नक्सली इन इलाकों में अपनी उपस्थिति का एहसास कराते हैं। इस एलान के बाद दुर्ग संभाग के राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस अलर्ट हो गई है. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा जवानों ने सर्चिंग तेज कर दी है।

28 जुलाई से 3 अगस्त तक मनाया जा रहा शहीदी सप्ताह
नक्सलियों द्वारा अपने साथियों की शहादत को सलाम करते हुए 28 जुलाई से 3 अगस्त तक 'शहीद सप्ताह' मनाया जा रहा है। शहीदी सप्ताह के दौरान नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। नक्सली सप्ताह के मद्देनजर एसपी ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और बॉर्डर क्षेत्रों में अलर्ट घोषित कर दिया है। जवानों को मुस्तैदी के साथ अलर्ट रहकर सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

बॉर्डर पर बेस कैम्प में भेजे गए अतिरिक्त जवान
नक्सलियों ने 28 जुलाई से तीन अगस्त तक शहीदी सप्ताह की जानकारी देने प्रदेश के अन्य जिलों में जगह जगह नक्सल पर्चे फेंक कर शहीदी सप्ताह को सफल बनाने की अपील की गई है। इसे देखते हुए राजनांदगांव जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र मोहला, मानपुर, चौकी, छुरिया, साल्हेवारा में पुलिस जवानों ने सर्चिंग तेज कर दी है. इसके अलावा बेस कैम्प सहित बॉर्डर पार के थानों से भी नक्सल मूवमेंट का इनपुट लिया जा रहा है।
नक्सली क्यों मनाते शहीदी सप्ताह
नक्सली कमांडर अपने इलाकों में हर साल 28 जुलाई से 3 अगस्त तक पार्टी के संस्थापक चारु मजूमदार व पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए हुए साथियों को शहीद बताकर उनकी याद में 'शहीदी सप्ताह' मनाते हैं। इस दौरान नक्सली गांव में शहीद स्मृति सभा का आयोजन करने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही वे शहीद स्मारकों के निर्माण करने के लिए एरिया इंचार्ज को प्रेरित करते हैं। यही वजह है कि पुलिस भी अलर्ट मोड पर है. जिससे नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम ना दे सकें. फिलहाल जिले में सर्चिंग तेज कर दी गई है. जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में पुलिस द्वारा सर्चिंग अभियान जारी है।
एसपी ने थाना प्रभारियों से कहा नजर बनाए रखें
शहीदी सप्ताह को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस आधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र के थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक ली है। इसमें एंटी नक्सल ऑपरेशन में काम करने वाले अफसरों से समन्वय बना कर कार्य करने कहा गया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि नक्सली 28 जुलाई से 03 अगस्त तक शहीदी सप्ताह का आयोजन करते हैं। इस पर पुलिस निगाह बनाए हुए है. पुलिस द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गई है. इसके साथ ही नये बेस कैम्प में जवानों की अतिरिक्त संख्या बल बढ़ाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications