दुर्ग: कमीशन लेकर नौतनवा एक्सप्रेस की तत्काल टिकट बांट रहे हेड क्लर्क व यात्री को विजिलेंस टीम ने पकड़ा
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रेलवे विजिलेंस की टीम ने मरोदा रेलवे स्टेशन के मुख्य वाणिज्य लिपिक डी हेमंत कुमार को पीछे के दरवाजे से कमीशन लेकर तत्काल टिकल देते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दुर्ग, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रेलवे विजिलेंस की टीम ने मरोदा रेलवे स्टेशन के मुख्य वाणिज्य लिपिक डी हेमंत कुमार को पीछे के दरवाजे से कमीशन लेकर तत्काल टिकल देते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही विजिलेंस टीम ने कमीशन देकर टिकट लेने वाले यात्री को भी गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला मरोदा रेल्वे स्टेशन का है जिसमें आरपीएफ दुर्ग ने रेलवे एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की है।

सौ रुपए की कमीशन पर बनाया तत्काल टिकट
मिली जानकारी के अनुसार मुख्य सतर्कता निरीक्षक टीम सहित मरोदा रेलवे स्टेशन पहुंचे तो यहां हेड क्लर्क कमीशन लेकर टिकट काटते मिला। आरोपी क्लर्क 100 रुपए कमीशन लेकर लोगों का बैक डोर से तत्काल का कन्फर्म टिकट दे रहा था। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम के साथ आरपीएफ के जवान भी मौजूद थे। टीम ने क्लर्क के साथ-साथ टिकट लेने पहुंचे यात्री को भी गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस को मिल रही थी शिकायत
आरपीएफ ने बताया कि विजिलेंस ऑफिसर के पास काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि मरोदा रेलवे स्टेशन में कमीशन लेकर टिकट काटा जा रहा है। आरपीएफ टीम के साथ विजिलेंस ऑफिसर सुबह मरोदा रेलवे स्टेशन पहुंचे और उन्होंने वहां पदस्थ मुख्य वाणिज्य लिपिक डी हेमंत कुमार निवासी मरोदा रेलवे कालोनी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वह 100 रुपए कमीशन लेकर बैकडोर से बोरियाखुर्द रायपुर निवासी राघवेंद्र यदुवंशी का टिकट बना रहा था। टीम ने डी हेमंत और राघवेंद्र दोनों को गिरफ्तार किया है।
रेलवे एक्ट की धारा 143 व 179 के तहत होगी कार्यवाई
दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। विजिलेंस टीम के समक्ष आरोपी राघवेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह एचएससीएल कालोनी मरोदा के तीन लोगों के लिए ट्रेन नंबर 18206 नौतनवा एक्सप्रेस में मानिकपुर से रायपुर के लिए स्लीपर कोच की तत्काल टिकट लेने के लिए पहुंचा था। यहां टिकट क्लर्क प्रति यात्री 100 रुपए कमीशन लेकर तत्काल टिकट दे रहा था इसलिए उसने भी उससे कमीशन देकर टिकट लिया है।












Click it and Unblock the Notifications