Durg News: महावीर जंयती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, सीएम भूपेश बघेल हुए शामिल
Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भगवान महावीर कहते थे कि मानसिक हिंसा भी मत कीजिये। सबसे अच्छा व्यवहार करें।

Mahaveer Jayanti: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुराने गंज मंडी प्रांगण में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चार्टर प्लेन के इस सुविधा के दौर में भी जैन संत परंपरागत साधनों को त्याग कर पैदल चलते हैं। उन्होंने कहा कि यह महावीर स्वामी का दिखाया हुआ अहिंसा और अपरिग्रह का रास्ता है। महावीर स्वामी का त्याग का रास्ता स्तुत्य है। भगवान महावीर के रास्ते पर दुनिया चलें तो सब जगह शांति होगी। अहिंसा ताकतवर और ज्ञानी लोगों का हथियार है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज देश भर में महावीर जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। यदि आप किसी बात से सहमत नहीं हैं आप क्रुद्ध हैं, तो आपको विचार कर सही समाधान तलाशना होगा। यह अनेकान्तवाद भगवान महावीर स्वामी का विचार है। सत्य कई रूपों में हो सकता है, हमें सबके विचारों का सम्मान करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर कहते थे कि मानसिक हिंसा भी मत कीजिये। सबसे अच्छा व्यवहार करें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भगवान महावीर के जीवन से जुड़े हुए प्रसंग और शिष्यों से हुई उनकी चर्चा समाजजनों से साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवों के साथ महावीर स्वामी अहिंसा का भाव रखते ही थे, प्रकृति को सहेजने को लेकर भी उनके मन में गहरी भावना थी।
इस मौके पर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी अपना संबोधन दिया। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष अजय श्रीमाल एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें CG News: गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के मिलेंगे 5 करोड़ 32 लाख रूपए, CM भूपेश बघेल करेंगे भुगतान









Click it and Unblock the Notifications