जंतर-मंतर पर 'कॉकरोचों' को खिलाने वाला जुनैद क्यों रो रहा? पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली पुलिस पर लगाए अब आरोप
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों को खाना और पानी बांटकर चर्चा में आए जुनैद मलिक अब कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। गाजियाबाद के रहने वाले जुनैद ने पुलिस प्रताड़ना और परिवार को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा की याचिका के साथ दायर इस अर्जी में एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड नेहा राठी के जरिए अदालत से तुरंत दखल देने की मांग की गई है। जुनैद ने कोर्ट से गुहार लगाई है कि पुलिस उनके परिवार के खिलाफ किसी भी तरह की दबाव वाली कार्रवाई न करे। साथ ही अगर कोई जांच हो तो वह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत ही हो।

24 जुलाई की आधी रात को क्या हुआ था?
जुनैद का आरोप है कि 24 जुलाई की आधी रात को जब वह आरएमएल (RML) अस्पताल से कुत्ते के काटने का इंजेक्शन लगवाकर लौट रहे थे, तब दिल्ली पुलिस ने उन्हें उठा लिया।
जुनैद ने एक यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में दावा किया,
"मुझे पुलिस वालों ने करीब 5-6 घंटे तक एक गाड़ी में बिठाकर रखा, धमकाया और डराया। मेरा मोबाइल जबरन अनलॉक करवाकर चेक किया गया। मुझसे सवाल पूछे जा रहे थे कि आंदोलन में खाना बांटने के लिए पैसे कहां से आ रहे हैं और फंडिंग कौन कर रहा है? इसके बाद मुझे आधी रात को ही देहरादून रोड पर किसी अनजान जगह छोड़ दिया गया, जहां से मैं कैब करके दिल्ली वापस आया।"
गाजियाबाद से मेरठ तक पुलिस रेड, परिवार को उठाने का आरोप
सुप्रीम कोर्ट में गई अर्जी में जुनैद ने बताया कि प्रताड़ना सिर्फ उन तक सीमित नहीं रही। गाजियाबाद पुलिस ने उनके पिता को हिरासत में लिया और घर पर छापेमारी कर तोड़फोड़ की। इसके अलावा मेरठ में रहने वाली उनकी शादीशुदा बहन के घर जाकर ससुर और बहनोई को भी उठा लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ा गया। जुनैद का कहना है कि पुलिस ने घर के सामान को नुकसान पहुंचाया और पासबुक व पैन कार्ड भी जब्त कर लिए। यह सब बिना किसी कागजी कार्रवाई या कानूनी प्रक्रिया के किया गया।
हालांकि मेरठ पुलिस के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा, "हमने सभी थाना प्रभारियों से पूरी जांच करवाई है। मेरठ पुलिस ने जुनैद के परिवार के किसी भी सदस्य को हिरासत में नहीं लिया है।"
कैमरे पर आकर क्यों रो रहे थे जुनैद? CJP नेतृत्व से अनबन की खबरें?
आंदोलन खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ने लगीं कि CJP के मुखिया अभिजीत दीपके और पार्टी नेताओं ने जुनैद को दरकिनार कर दिया है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुई जश्न की पार्टी में जुनैद को न बुलाने की बातें भी सामने आईं। कुछ यूट्यूबर को दिए इंटरव्यू में जुनैद तो कैमरे पर रो भी रहे थे। उन्होंने साफ-साफ कहा कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका किसी का भी भी उनके पास फोन नहीं आया था। सिर्फ सीजीपी प्रवक्ता रत्ना ठाकुर ने उसने संपर्क किया था।
इन दावों को खारिज करते हुए जुनैद ने खुद एक वीडियो जारी किया। जुनैद का कहना है, "कुछ लोग हमारे आंदोलन को बदनाम करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। मैं और मेरा परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं। CJP का शीर्ष नेतृत्व और पूरी टीम मेरे साथ खड़ी है। यह आंदोलन को कमजोर करने की साजिश है।"
CJP की प्रवक्ता रत्ना सिंह ने भी कहा,"जुनैद को लेकर चल रही सभी खबरें झूठी हैं। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें हर तरह की कानूनी मदद दी जा रही है। आंदोलन खत्म होने के बाद वह वॉलिंटियर्स की बैठक में भी शामिल हुए थे। हम उनका पूरा सम्मान करते हैं।"
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, "हम जुनैद के घर पर हुई अवैध पुलिस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। पहले दिन से ही हमारी टीम उनके संपर्क में है और हर मुमकिन मदद कर रही है।"


Click it and Unblock the Notifications
