कौन हैं Nupur Sharma, पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने के बाद जिनपर महाराष्ट्र में दर्ज हुई FIR
दिल्ली, 29 मई: टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने के बाद बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। हाल ही में नूपुर शर्मा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने आईपीसी की धारा 295ए, 153ए और 505बी के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर सुन्नी बरेलवी संगठन रज़ा अकादमी की तरफ से दर्ज कराई गई है। नूपुर शर्मा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, द्वेषभाव फैलाने व दूसरे धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है।
Recommended Video

कौन हैं नूपुर शर्मा
नूपुर शर्मा पेशे से वकील हैं। नूपुर शर्मा ने वकालत की पढ़ाई लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से की हैं। इसके अलावा उन्होंने बर्लिन से भी पढ़ाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नूपुर शर्मा की शुरू से ही राजनीति में आने की इच्छा थी। इसलिए वह कॉलेज टाइम से ही छात्र राजनीति से जुड़ गई थी। 2010 में छात्र राजनीति से निकलने के बाद नूपुर शर्मा भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा में सक्रिय हुईं और उन्हें राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया था। नूपुर शर्मा फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के साथ-साथ दिल्ली भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य भी हैं।

नूपुर शर्मा ने दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लड़ा था चुनाव
2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नूपुर शर्मा को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा था। अरविंद केजरीवाल के सामने चुनाव लड़ने के बाद नूपुर शर्मा सुर्खियों में आ गई थी। बता दें कि नूपुर शर्मा का यह पहला बड़ा चुनाव था। इससे पहले नूपुर ने साल 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से छात्र संघ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में चार में से तीन पदों पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआइ) को जीत मिली थी। लेकिन नूपुर शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से छात्र संघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं।

टीवी डिबेट में हिस्सा लेकर आई चर्चाओं में
नूपुर शर्मा एक निजी टीवी चैनल की डिबेट में हिस्सा लेने पहुंची थीं। यह डिबेट वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद पर थी। आरोप है, उन्होंने इसी दौरान इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी की। इसके बाद से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही है। तो वहीं, इस घटना के बाद नूपुर शर्मा कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई हैं। नूपुर शर्मा ने कहा है कि उन्हें लगातार रेप करने और उनका एवं उनके पूरे परिवार का सिर काटने की धमकियां मिल रही हैं।

नूपुर शर्मा के खिलाफ मुंबई में हुई FIR
वहीं, अब नूपुर शर्मा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर सुन्नी बरेलवी संगठन रज़ा अकादमी की तरफ से दर्ज कराई गई है। नूपुर शर्मा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, द्वेषभाव फैलाने व दूसरे धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है।












Click it and Unblock the Notifications