CJP प्रोटेस्ट में वायरल मोहम्मद इरफान कौन? आंदोलन में ऐसा क्या किया कि हो रही चर्चा? अब राहुल गांधी पहुंचे घर
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन सिर्फ छात्रों के विरोध तक सीमित नहीं रहा। इस आंदोलन ने कई ऐसे चेहरे भी सामने लाए, जिन्हें पहले कोई नहीं जानता था। उन्हीं में से एक नाम है मोहम्मद इरफान। पेशे से फेरी लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले इरफान अचानक सोशल मीडिया पर छा गए। वजह सिर्फ उनका भाषण नहीं था, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, मजदूरों के अधिकार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर उनकी साफ सोच थी।
जब उनके इंटरव्यू के वीडियो वायरल हुए तो लाखों लोगों ने उन्हें सुना। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी खुद उनसे मिलने उनके घर पहुंच गए। सवाल यही उठने लगा कि आखिर इरफान में ऐसा क्या था जिसने उन्हें आंदोलन का सबसे चर्चित चेहरा बना दिया।

कौन हैं मोहम्मद इरफान?
मोहम्मद इरफान दिल्ली की सावदा जेजे कॉलोनी में रहते हैं। उनकी उम्र करीब 35 साल है। वह पेशे से हॉकर हैं और बर्फ बेचकर रोज अपनी आजीविका चलाते हैं। हैरानी की बात यह है कि इरफान कभी स्कूल नहीं गए। इसके बावजूद लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक मुद्दों पर उनकी समझ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
CJP के आंदोलन के दौरान मीडिया ने जब उनसे बात की तो उनके जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। खासकर लल्लनटॉप को दिए गए इंटरव्यू के बाद उनके कई वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचे।
स्कूल नहीं गए, फिर इतनी जानकारी कहां से आई?
इरफान की कहानी यहीं सबसे अलग हो जाती है। उन्होंने कभी किताबों वाली पढ़ाई नहीं की। उन्होंने स्मार्टफोन को ही अपना शिक्षक बना लिया। इरफान बताते हैं कि उन्होंने गूगल वॉयस कमांड और यूट्यूब की मदद से संविधान, लोकतंत्र और देश के इतिहास के बारे में सीखा।
इसी तरह उन्होंने संविधान की प्रस्तावना याद की और भगत सिंह की कविताएं भी पढ़ीं। यही वजह रही कि जब उनसे सवाल पूछे गए तो उन्होंने बिना झिझक लंबे जवाब दिए और कई लोगों को हैरान कर दिया।
CJP आंदोलन में ऐसा क्या कहा कि वायरल हो गए?
NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहे CJP आंदोलन के दौरान इरफान ने मजदूरों, शिक्षा, स्वास्थ्य और टैक्स जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।उन्होंने कहा कि "जिंदगी सिर्फ दो वक्त की रोटी का नाम नहीं है। इंसान को सम्मान के साथ जीने का हक भी मिलना चाहिए।" उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि "जब कम कमाने वाला मजदूर भी हर खरीदारी पर टैक्स देता है, तो उसकी परेशानियों पर उतनी चर्चा क्यों नहीं होती?" उनके इन विचारों ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी।
इरफान का कहना है कि वह कोई हीरो बनने जंतर-मंतर नहीं आया था। वह तो बस उन लोगों की आवाज बनना चाहता था जिनकी बात कोई नहीं सुनता। उसने मांग रखी कि 8 घंटे काम करने वाले हर मजदूर को कम से कम ₹18,000 की न्यूनतम दिहाड़ी मिलनी चाहिए।'
राहुल गांधी खुद पहुंचे झुग्गी, प्रियंका गांधी से भी कराई बात
वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी खुद इरफान के घर सावदा जेजे कॉलोनी पहुंच गए। राहुल ने इरफान से काफी देर बातचीत की और उसकी मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर शेयर कीं। इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने फोन मिलाकर प्रियंका गांधी से भी इरफान की बात कराई और उसे संसद आने का न्योता दिया।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा,"इरफान जैसे नौजवानों की सोच उनके खराब हालातों की मोहताज नहीं होती। संविधान को लेकर उसकी समझ, देश के लिए उसका नजरिया और नई चीजें सीखने की तड़प यह साबित करती है कि भारत की असली ताकत यहां के युवाओं में छिपी है।"
जब राहुल गांधी से इरफान ने कहा-'मेरे लिए कुछ मत कीजिए'
दिनभर बर्फ बेचकर किसी तरह ₹500 कमाने वाले इस शख्स की सादगी ने हर किसी का दिल जीत लिया। जब राहुल गांधी ने उससे मदद के बारे में पूछा, तो इरफान ने अपने लिए कुछ भी मांगने से साफ मना कर दिया।
इरफान ने राहुल गांधी से गुजारिश करते हुए कहा, "मुझे अपने लिए कुछ नहीं चाहिए साहब। आप बस इस देश के गरीब तबके और मजदूरों के हक के लिए अपनी लड़ाई जारी रखिए। देश में मजदूरों के शोषण को रोकने के लिए कड़े नियम बनने चाहिए।"


Click it and Unblock the Notifications
