कौन हैं अनिल बाजपेई, जिनका वीडियो शेयर कर केजरीवाल ने बीजेपी की पोल खोली
AAP ने बीजेपी विधायक अनिल बाजपेई का एक पुराना वीडियो शेयर किया। जिसमें वो अपनी ही पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

जीजीएसआईपीयू ईस्ट दिल्ली कैंपस उद्घाटन को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी में खूब विवाद हुआ। हालांकि गुरुवार को उपराज्यपाल और सीएम अरविंद केजरीवाल ने मिलकर इस कैंपस का उद्घाटन कर दिया। इस कार्यक्रम में बीजेपी समर्थकों ने सीएम केजरीवाल के सामने मोदी-मोदी के नारे लगाए, तो AAP ने भी बीजेपी विधायक का वीडियो जारी कर उसकी पोल खोली दी। आइए जानते हैं कौन हैं अनिल बाजपेई-
दरअसल अनिल बाजपेई पहले आम आदमी पार्टी में थे। वो उसके टिकट पर ही चुनाव जीते। 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले उनका AAP से मोहभंग हुआ और उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वो बीजेपी में शामिल हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका AAP में सम्मान नहीं था, इस वजह से उन्होंने पार्टी को छोड़ने का फैसला लिया। हालांकि केजरीवाल ने उनके दावों को खारिज कर दिया था। साथ ही कहा था कि बीजेपी उनके विधायकों को 10-10 करोड़ में खरीदना चाह रही है।
वीडियो में क्या है?
उद्घाटन कार्यक्रम में बाद AAP ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें बीजेपी विधायक अनिल बाजपेई नजर आ रहे। उन्होंने कहा कि मैं तनमस्तक हूं दिल्ली सरकार और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का, क्योंकि हम वो लोग नहीं हैं, जो झूठ बोल कर जनता के बीच जाएं। मेरा इशारा जीजीएसआईपीयू की ओर है। मैं सीएम का इसके लिए शुक्रिया अदा करता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि कुछ साल पहले देश की भूतपूर्व शिक्षा मंत्री स्मृति ईरानी ने एक विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था, लेकिन उसका रिजल्ट कुछ नहीं रहा। आज कम से कम जमुनापार वालों को एक यूनिवर्सिटी तो मिल गई। इस वजह से मैं डिप्टी सीएम का भी धन्यवाद अदा करना चाहता हूं।
काफी पुराना है वीडियो
दरअसल वीडियो 5-6 साल पुराना है। उस वक्त बाजपेई AAP में ही थे। साथ ही विधानसभा में बजट पेश होने के दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उनके वीडियो को ही हथियार बनाकर पार्टी बीजेपी पर निशाना साध रही।












Click it and Unblock the Notifications