कौन हैं दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ ? प्रोटेस्ट लीड करने पर सस्पेंड, वकीलों पर दे डाला था बड़ा बयान
दिल्ली पुलिस में एक प्रदर्शन के बाद असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर यह कार्रवाई ऐसे वक्त हुई, जब पुलिस मुख्यालय के बाहर करीब 150 पुलिसकर्मी अपने दो अधिकारियों के तबादले के विरोध में जुटे थे। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। वशिष्ठ ने भी इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया और पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी बात रखने की मांग की।
इस पूरे विवाद की जड़ दिल्ली के शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच हुआ टकराव है। मामला एक वकील के सिर में गंभीर चोट लगने से शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए। अब इस विवाद में एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन ने नया मोड़ ला दिया है। उन्होंने इस प्रोटेस्ट को लीड किया था, जिसके बाद उनको सस्पेंड कर दिया गया है। आइए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और मनस्वी वशिष्ठ कौन हैं।

Who Is ACP Manasvi Vashishtha? कौन हैं मनस्वी वशिष्ठ?
मनस्वी वशिष्ठ दिल्ली पुलिस में एसीपी के पद पर तैनात थे। वह गांधी नगर सब-डिवीजन में सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 28 अक्टूबर को उनका तबादला स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर विमेन एंड चिल्ड्रेन (SPUWAC) में कर दिया गया था। शाहदरा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण कुमार को भी सुरक्षा इकाई में भेज दिया गया।
इन तबादलों से पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारियों में नाराजगी थी। सोमवार (2 नवंबर) को पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन में वशिष्ठ खुद शामिल हुए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी प्रदर्शन में उनकी भागीदारी के चलते उन्हें सस्पेंड किया गया। हालांकि, कार्रवाई को लेकर दिल्ली पुलिस की तरफ से तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Shahdara Police Station Clash: कहां से शुरू हुआ विवाद?
इस मामले की शुरुआत 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस थाने में हुई घटना से हुई। आरोप है कि वहां वकील ललित बंसल के साथ झड़प हुई और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। इसके बाद थाने में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
वकीलों ने आरोप लगाया कि ललित बंसल पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर थाने पहुंचे लोगों को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और एसएचओ अरुण कुमार ने धमकाया। इसके विरोध में वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया था। बाद में यह आंदोलन वापस ले लिया गया।
वकीलों की नाराजगी के बीच पुलिस विभाग ने दोनों अधिकारियों का तबादला कर दिया। लेकिन इस फैसले से पुलिसकर्मियों का एक वर्ग असहमत था। उनकी मांग थी कि दोनों अधिकारियों को पुरानी पोस्टिंग पर वापस भेजा जाए और पूरे मामले में पुलिसकर्मियों का पक्ष भी सुना जाए।

वर्दी के सम्मान के लिए प्रदर्शन
2 नवंबर को करीब 150 पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर एक पर जमा हुए। उनके हाथों में पोस्टर थे और वे "वर्दी का अपमान नहीं सहेंगे" जैसे नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हुईं।
मनस्वी वशिष्ठ ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी बात पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के सामने रखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि ऐसे विवादों से निपटने के लिए एक तय मानक प्रक्रिया यानी एसओपी बनाई जाए।
प्रोटेस्ट में खुद शामिल होकर जवानों की अगुवाई करते हुए ACP मनस्वी वशिष्ठ ने मीडिया के सामने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने पुलिस स्टेशनों के अंदर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए। ACP मनस्वी वशिष्ठ ने कहा,
"हमारी मांगें एकदम साफ हैं। हमें पुलिस कमिश्नर सर से मिलना है। ऐसे मामलों से निपटने के लिए एक ठोस SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) बननी चाहिए। अगर थानों के अंदर हमारे साथ ऐसा बर्ताव होगा, तो हम शहर के आम लोगों की रक्षा कैसे करेंगे? थाने के अंदर जो गुंडागर्दी हो रही है और सुरक्षा की समस्याएं आ रही हैं, उसके खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी हो गया था। कुछ लोग जो थानों में आकर उपद्रव करते हैं, वे सिर्फ हमारे दुश्मन नहीं, बल्कि पूरे समाज के दुश्मन हैं। अगर पुलिस थाने ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो शहर में कोई जगह सुरक्षित नहीं हो सकती।"
प्रदर्शन करने वाले पुलिस की क्या हैं 5 मांगें?
प्रदर्शन के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में 7 पुलिसकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मिला। पुलिस कमिश्नर ने हेडक्वार्टर में बुलाई गई 'संपर्क सभा' के दौरान जवानों की समस्याएं सुनीं। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी 5 प्रमुख मांगें रखीं:
- 1. तबादला रद्द हो: ACP मनस्वी वशिष्ठ और SHO अरुण कुमार को दोबारा उनकी पुरानी पोस्टिंग दी जाए।
- 2. कोर्ट परिसर में स्पेशल फोर्स: अदालतों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वकीलों की अराजकता रोकने के लिए रेजिस्टेंस फोर्स तैनात हो।
- 3. 5 से ज्यादा वकीलों के थाने घुसने पर FIR: अगर 5 से अधिक वकील थाने में घुसकर हंगामा करते हैं, तो तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए।
- 4. वकीलों के लाइसेंस रद्द हों: पुलिसकर्मियों से बदसलूकी और मारपीट करने वाले वकीलों के लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया शुरू हो।
- 5. तेजी से चार्जशीट दाखिल हो: शाहदरा थाने में हुई हिंसा के मामले में दोषी वकीलों के खिलाफ दर्ज FIR पर तुरंत चार्जशीट दाखिल की जाए।
मुलाकात के बाद ACP वशिष्ठ ने कहा, "हमने कमिश्नर साहब के सामने अपनी पांचों मांगें रख दी हैं। हालांकि हर किसी को बोलने का मौका नहीं मिला, लेकिन हमारी चिंताओं पर चर्चा शुरू हो गई है।"
प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस और बार एसोसिएशन का रुख
प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि पुलिस कमिश्नर ने बल के अनुशासन और पेशेवर रवैये की तारीफ की है। उन्होंने जवानों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों और सर्विस से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान निकाला जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने जिला और मुख्यालय स्तर पर 'संयुक्त समन्वय समिति' (Joint Coordination Committee) बनाने का फैसला किया है, जिसमें बार काउंसिल और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल होंगे ताकि ड्यूटी के दौरान होने वाले विवादों को सुलझाया जा सके। इसके अलावा आवास, प्रमोशन और MACP जैसे मुद्दों को भी जल्द हल करने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरी तरफ, सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन समेत कई वकील संगठनों ने ACP मनस्वी वशिष्ठ द्वारा वकीलों के खिलाफ दिए गए बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया और उनके खिलाफ तत्काल सस्पेंशन की मांग की। इसके बाद मंगलवार को अनुशासनहीनता और प्रदर्शन की अगुवाई करने के आरोप में ACP मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications
