Delhi Pink Mobility Card Launch: एक कार्ड में फ्री बस,मेट्रो का सफर, दिल्ली की महिलाओं को होली पर बड़ा तोहफा
Delhi Pink Mobility Card Launch: दिल्ली की महिलाओं के लिए 2 मार्च खास दिन बनने जा रहा है। राजधानी के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 'सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली' कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पिंक मोबिलिटी कार्ड का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और आर्थिक राहत की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड व्यवस्था पर आधारित होगा और केंद्र सरकार की 'वन नेशन, वन कार्ड' पहल से प्रेरित है। मुख्यमंत्री के अनुसार अब दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि यही कार्ड मेट्रो, रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में सशुल्क यात्रा के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी एक ही स्मार्ट कार्ड से पूरा सफर आसान हो जाएगा।

तीन रंग, तीन सुविधा मॉडल (NCMC Card Categories)
सरकार तीन तरह के कार्ड जारी करेगी। पिंक कार्ड दिल्ली की पात्र महिला निवासियों के लिए होगा। ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों के लिए और ऑरेंज कार्ड मासिक पास लेने वालों के लिए जारी किया जाएगा। पहले चरण में पिंक और ब्लू कार्ड शुरू किए जाएंगे, इसके बाद ऑरेंज कार्ड लागू होगा।
कार्ड जारी करने के लिए दिल्ली परिवहन निगम ने हिंडन मर्केंटाइल लिमिटेड और एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को अधिकृत किया है। ये कार्ड ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम से जुड़े होंगे, जिससे यात्रा का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज होगा। पिंक कार्ड पूरी तरह निःशुल्क दिया जाएगा और इसकी लागत सरकार उठाएगी।
कहां और कैसे मिलेगा कार्ड (Eligibility and Distribution Process)
करीब 50 केंद्रों पर पिंक कार्ड जारी किए जाएंगे। इनमें जिला मजिस्ट्रेट और एसडीएम कार्यालयों के साथ डीटीसी के चयनित केंद्र शामिल होंगे। प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी रखने के लिए न्यूनतम दस्तावेज लिए जाएंगे।
हर कार्ड लाभार्थी के आधार और मोबाइल नंबर से लिंक होगा। आधार प्रमाणीकरण के जरिए आयु, लिंग और दिल्ली निवास की पुष्टि की जाएगी ताकि डुप्लिकेट या अपात्र आवेदनों को रोका जा सके। यह कार्ड टच-फ्री और सुरक्षित होगा और धीरे-धीरे पिंक पेपर टिकट की जगह ले लेगा। इससे नकद लेनदेन घटेगा और ट्रांसपोर्ट सिस्टम ज्यादा पारदर्शी बनेगा।
सार्वजनिक परिवहन में डिजिटल बदलाव (Digital Public Transport Reform)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन से प्रेरित है। उनका दावा है कि इससे महिलाओं के दैनिक यात्रा खर्च में कमी आएगी और शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक अवसरों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही यात्रा डेटा के आधार पर बस रूट और सेवाओं में सुधार करना भी संभव होगा।
त्योहारों पर मिलेगा मुफ्त एलपीजी सिलेंडर (Free LPG Cylinder Scheme)
इसी कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक और बड़ी योजना की शुरुआत करेंगी। होली और दिवाली पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। यह लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए मिलेगा। सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी।
करीब 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे। सरकार का कहना है कि इससे रसोई गैस के खर्च का बोझ कम होगा और परिवार त्योहार सम्मान और सुकून के साथ मना सकेंगे।
सरकार का संदेश साफ है कि पिंक कार्ड और मुफ्त गैस योजना मिलकर दिल्ली की महिलाओं और परिवारों के लिए राहत, सम्मान और डिजिटल सुविधा का नया अध्याय खोलने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications