Weather Update: दिल्ली में मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, जारी रहेगा लू का प्रकोप, जानिए कब मिलेगी राहत
Weather Update: दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली में लगातार पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। पिछले 35 दिन से दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। आने वाले दिनों में भी फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से संभावना जाहिर की गई है कि फिलहाल इस हफ्ते की शुरुआत में किसी तरह की राहत गर्मी से मिलती नजर नहीं आ रही है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि भीषण गर्मी की वजह से लोगों को दिक्कतें हो सकती हैं, लू की वजह से लोगों का स्वास्थ्य गिर सकता है। अगर लोग खुद को धूप और लू से नहीं बचाते हैं तो वह बीमारी की चपेट में आ सकते हैं।
मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि गुरुवार को गर्मी से राहत मिल सकती है। गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में पारा काफी अधिक है, लेकिन रात में आंशिक बादल छाए रहते हैं। रात में जब हम उम्मीद करते हैं कि पारा नीचे जाएगा और लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन रात में पश्चिमी हवाओं की वजह से गर्मी कम नहीं हो रही है। बादलों की वजह से भी गर्मी रात में कम नहीं हो पाती है। मौसम विभाग की ओर से उम्मीद जताई गई है कि 20 जून के बाद पारा कम हो सकता है।
बता दें कि 11 जून के बाद से मानसून में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला है। रविवार को दिल्ली के सफदरगंज में पारा 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जोकि सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
शनिवार को पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली का न्यूनतम पारा 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जोकि सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
दिल्ली एनसीआर की बात करें तो पीतंपुरा में पारा 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की ओर से संभावना जाहिर की गई है कि बुधवार तक दिल्ली में पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications