Weather News: गर्मी से बेहाल दिल्ली को जल्द मिलेगी राहत, बारिश को लेकर आया बड़ा अलर्ट
Delhi -NCR IMD Weather Update: आसमान से सूरज आग उगल रहा है। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। लू के प्रकोप के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। सुबह 8 बजे से ही भीषण गर्मी कहर बरपा रही है। इस बीच आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे उत्तर भारत में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

इधर, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा यानी 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को आज गर्म हवाओं के साथ रात तक गर्मी बढ़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है।
दिल्ली स्थित IMD वैज्ञानिक सोमा सेन ने मौसम के बारे में बताते हुए कहा कि 18 या 19 जून से बिहार और झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 18 या 19 जून से पंजाब और हरियाणा में कुछ नमी और उससे जुड़ी राहत ला सकती हैं।
सोमा सेन के मुताबिक अगले 3 से 5 दिनों में पूर्वोत्तर भारत में मुख्य रूप से मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) होने की संभावना है। उत्तर भारत में लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के लिए आंधी-तूफान से संबंधित ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बिहार और झारखंड में आज भी भीषण लू चलने की संभावना है।
गर्मी के बीच दिल्ली में बरसेगी राहत
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 18 जून को भी दिल्ली में हीटवेव के हालात रहेंगे और रात के वक्त भी गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। लेकिन इस बीच खुशखबरी भी है। IMD के मुताबिक 19 जून को दिल्ली में आंधी और बारिश की संभावना है। साथ ही 20 जून को तापमान घटकर 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। बताया जा रहा है कि दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और बारिश-आंधी के आसार है।












Click it and Unblock the Notifications