Delhi Weather: भीषण गर्मी की गिरफ्त में दिल्ली, तीन सालों में अब तक का सबसे गर्म अप्रैल, कब मिलेगी राहत?
Delhi Weather : अप्रैल में ही जेठ की गर्मी झेल रही दिल्ली को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार यानी कि 8 अप्रैल को दिल्ली में तीन वर्षों में सबसे गर्म अप्रैल की रात दर्ज की गई, यहां न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है।
दिल्ली का ये रूप देखकर वैज्ञानिक भी परेशान हो गए हैं।आईएमडी ने बताया कि शुरुआत में केवल पालम में ही रात में गर्मी देखी गई थी, लेकिन अब सभी पांच स्टेशनों पर तापमान बढ़ गया है। इससे पहले अप्रैल 2022 में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

फिलहाल मौसम के इस बदले रवैये को देखते हुए देश की राजधानी में लू की आशंका है, इसलिए यहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया है और आज यहां पर अधिकतम पारा 40 डिग्री जा सकता है।
गुजरात में जारी है रेड अलर्ट (Weather)
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि 'गुजरात में करीब एक हफ्ते से लू चल रही है और हमने इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया हुआ है तो वहीं उत्तर पश्चिमी भारत में आज तक लू चलने की उम्मीद है। आने वाले दो दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश में लू का असर ज्यादा रहेगा जबकि पश्चिमी राजस्थान के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया गया है।'
शुक्रवार को हल्की बारिश होने के आसार
आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में लू का असर ज्यादा रहेगा लेकिन आज के बाद तापमान में गिरावट आएगी और शुक्रवार को यहां पर हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को फौरी राहत मिलेगी।"
कुछ जिलों में तापमान 44 डिग्री टच कर गया
तो वहीं राजस्थान के कुछ जिलों में तापमान 44 डिग्री टच कर गया है। यहां के मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा कि " ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस है। कई इलाकों में लू की स्थिति बनी हुई है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे तक लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी।"
लू की चेतावनी (Weather)
मौसम विभाग ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। लोग अपना ख्याल रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पिएं,हल्के और सूती कपड़े पहनें और छाता, टोपी या चश्मा लगाकर ही बाहर निकलें।
वायु गुणवत्ता (AQI)
दिल्ली का सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 था। जो कि खराब श्रेणी में आता है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' तथा 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications