Traffic Advisory: नए साल के जश्न के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों पर जाने से बचें
Traffic Advisory: न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए अगर आप भी घर से बाहर निकल रहे हैं तो यह खबर आपके लिए ही है। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने नए साल की पूर्व संध्या के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, कनॉट प्लेस में 31 दिसंबर की रात आठ बजे के बाद वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, न्यू ईयर पर राजधानी दिल्ली में जगह-जगह जश्न मनाया जाएगा। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी अपने स्तर से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी कर ली है। दिल्ली पुलिस द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी के मुताबिक, कई स्थानों पर वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा, तो कई मार्गों पर डायवर्जन होगा।

इसके अलावा कई मार्केट और मार्गों पर वाहनों को खड़ा करने या रोकने की अनुमति नहीं होगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। बाजारों, मॉल और कनॉट प्लेस तथा हौज खास जैसे स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की है, क्योंकि नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ के आने की उम्मीद है। बता दें कि मंगलवार को रात 8 बजे से कनॉट प्लेस में प्रतिबंध शुरू हो जाएंगे और न्यू ईयर के जश्न खत्म होने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) ढाल सिंह के अनुसार, ये प्रतिबंध निजी और सार्वजनिक परिवहन वाहनों दोनों पर लागू होंगे। सिंह ने कहा, 'शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने, स्टंट बाइकिंग, लापरवाही से गाड़ी चलाने, टेढ़े-मेढ़े और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने आदि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'
इन रास्तों से जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वाहनों को मंडी हाउस गोल चक्कर, बंगाली मार्केट गोल चक्कर, रंजीत सिंह फ्लाईओवर के उत्तरी पैर, मिंटो रोड - दीन दयाल उपाध्याय मार्ग क्रॉसिंग, आरके आश्रम मार्ग-चित्रगुप्त मार्ग क्रॉसिंग, गोल मार्केट गोल चक्कर, जीपीओ गोल चक्कर, कस्तूरबा गांधी रोड आदि से आगे कनॉट प्लेस की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पास वालों को मिलेगी अनुमति
ट्रैफिक पुलिस की मानें तो केवल वैध पास रखने वालों को छोड़कर, कनॉट प्लेस के आंतरिक, मध्य या बाहरी सर्किल में वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इतना ही नहीं, पुलिस ने बताया कि मोटर यात्री गोले डाकखाना के पास, आकाशवाणी के पीछे रकाबगंज रोड पर पटेल चौक में अपने वाहन पार्क कर सकते हैं।
इन जगहों पर होगी पार्किंग
कोपरनिकस मार्ग पर मंडी हाउस से बड़ौदा हाउस तक, डीडी उपाध्याय मार्ग और प्रेस रोड क्षेत्र में मिंटो रोड, आरके आश्रम मार्ग पर पंचकुइयां रोड, कोपरनिकस लेन पर केजी मार्ग-फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग, विंडसर प्लेस में अपने वाहन पार्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कॉनॉट प्लेस के पास सीमित पार्किंग स्थान पहले आओ पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगा।
गलत तरीके से पार्क करने वालों पर होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों को टो करके ले जाया जाएगा और उन पर मुकदमा चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट और उसके आसपास पैदल यात्रियों और वाहनों दोनों के लिए यातायात के नियमन के लिए विस्तृत व्यवस्था की गई है। बताया कि पैदल यात्रियों की अधिक आवाजाही होने पर वाहनों को सी-हेक्सागन, इंडिया गेट क्षेत्र से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सार्वजनिक परिवहन का करें उपयोग
उन्हें क्यू-प्वाइंट, सुनहरी मस्जिद के आसपास, राजपथ रफी मार्ग, विंडसर प्लेस के आसपास, राजेंद्र प्रसाद रोड-जनपथ के आसपास, केजी मार्ग-फिरोजशाह रोड, मंडी हाउस के आसपास, मथुरा रोड-पुराना किला रोड आदि से भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि आगंतुकों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी जाती है क्योंकि इंडिया गेट पर पार्किंग की जगह की कमी है।
भैरों रोड-मथुरा रोड़ से बचने की दी सलाह
अधिकारी ने कहा कि दिल्ली चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना के कारण मथुरा रोड पर भीड़भाड़ होने की संभावना है, इसलिए वाहन चालकों को हजरत निजामुद्दीन और प्रगति मैदान के बीच भैरों रोड/मथुरा रोड से बचने की सलाह दी जाती है।
ये भी पढ़ें: Delhi Election 2025: दिल्ली की 70 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी BJP या फिर करेगी गठबंधन, आ गया बड़ा अपडेट












Click it and Unblock the Notifications