गौतम गंभीर को धमकी देने वाले को दिल्ली पुलिस ने किया ट्रैक, पाकिस्तान से आया था मेल
नई दिल्ली, 25 नवंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर को मिला मौत की धमकी वाला मेल पाकिस्तान के एक व्यक्ति द्वारा भेजा गया था। जिसकी पहचान शाहिद हामिद के रूप में हुई थी। दिल्ली पुलिस ने अब इसका पता लगा लिया है। दिल्ली पुलिस ने पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को मिले कथित धमकी भरे मेल के बारे में गूगल से आईपी एड्रेस जैसी जानकारी मांगी थी। सांसद गौतम गंभीर समेत कुछ और लोगों को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के नाम पर धमकी भरा मेल मिला था।
Recommended Video

दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) टीम ने पहले ही व्यक्ति के आईपी पते को ट्रैक कर लिया था। और गौतम गंभीर को धमकी भरे पत्र के पीछे की बड़ी साजिश का खुलासा करने के लिए जांच चल रही है। सूत्रों के मुताबिक आईपी एड्रेस से पता चला है कि हामिद ने पाकिस्तान के सिंध प्रांत से मेल लिखा था। फिलहाल पुलिस की जांच-पड़ताल लगातार जारी है। गंभीर के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (मध्य) को भेजी गई एक शिकायत में कहा गया कि मंगलवार को रात करीब नौ बजकर 32 मिनट पर गौतम गंभीर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर आईएसआईएस कश्मीर की तरफ से जान से मारने की धमकी मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि ई-मेल में लिखा है, हम तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे। गौतम गंभीर ने शिकायत में, मामले का संज्ञान लेने, प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का आग्रह किया था।
इस मामले में गंभीर के निजी सचिव गौरव अरोड़ा ने बुधवार को राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस के अधिकारी इस मामले में आईएसआई (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) की संलिप्तता के संभावित एंगल की भी जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या अपराधी ने जानबूझकर यह चित्रित किया कि पत्र आईएसजेके से भेजा गया था। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गंभीर को जानबूझकर यह सुनिश्चित करने के लिए चुना गया था कि पत्र ध्यान आकर्षित करे।












Click it and Unblock the Notifications