धुंध की मोटी चादर के साथ दिल्ली की शुरुआत, हवा में प्रदूषण से सांस लेना मुश्किल, AQI पहुंचा 334
Delhi Smog: सर्दियों की दस्तक के साथ ही दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में काफी गिरावट देखने को मिल रही है। दिल्ली के कई हिस्सों में धुंध की मोटी चादर देखने को मिली। अक्षरधाम, आनंद विहार और आस-पास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता काफी खराब पाई गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा कि यहां का AQI 334 है, जोकि बहुत खराब की श्रेणी में आता है।
हवा में प्रदूषण के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण काफी बढ़ गया है, सरकार को इसे रोकने के लिए कदम उठाने चाहिए।

सांस लेने में लोगों को दिक्कत
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 251 पहुंच गया, जिससे यह 'खराब' श्रेणी में आ गया। यह स्थिति जोखिम भरी है क्योंकि ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
दिल्ली सरकार की बैठक
वहीं दिल्ली सरकार ने प्रदूषण की इस समस्या से निपटने के लिए सख्त उपायों की रूपरेखा तैयार की है। मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय और प्रमुख अधिकारियों की अगुवाई में इसको लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की गई।
जिसमे ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-1 (GRAP-1) को सख्ती से लागू करने की बात कही गई, जिससे शहर में वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हो सके।
99 टीमों का गठन
सरकार की कार्ययोजना में धूल नियंत्रण उपायों को लागू करने के लिए निर्माण स्थलों का बारीकी से निरीक्षण करना शामिल है। मुख्यमंत्री के बयान में कहा गया है कि इस कार्य के लिए 99 टीमों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त, एंटी-स्मॉग गन की तैनाती भी की गई है।
200 एंटी स्मॉग गन
लोक कल्याण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दिल्ली में 200 गन को शहर में तैनात करेगी, जबकि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) क्रमशः 30, 14 और 80 गन का योगदान देंगे।
सीएम की अपील
मुख्यमंत्री आतिशी ने शहर के निवासियों से प्रदूषण कम करने के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कारपूलिंग, पटाखे और कचरा जलाने से परहेज करने और प्रदूषण की घटनाओं की रिपोर्ट करने के लिए ग्रीन दिल्ली ऐप का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रदूषण संकट को कम करने में हमें सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications