कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने होटलों में बैठकर खाने-पीने लगाई पाबंदी
दिल्ली में जिस तेजी के साथ कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उसकी वजह से दिल्ली में नए और कड़े प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं। होटल में बैठकर खाने की सुविधा पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
नई दिल्ली, 10 जनवरी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी होटलों, बार व रेस्त्रां में बैठकर खाने-पीने पर रोक लगा दी है। हालांकि होम डिलीवरी और भोजक पैक करवाकर घर ले जाने की सुविधा सुचारू रूप से चलती रहेगी। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, एलजी अनिल बैजल सहित अन्य गणमान्य अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा इस बैठक में प्रति क्षेत्र प्रति दिन केवल एक साप्ताहिक बाजार के संचालन की अनुमति देने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अनिल बैजल ने 15-18 साल के बच्चों सहित टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए सभी अस्पतालों में जनशक्ति को बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

बता दें कि कोरोना की भयावह होती स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 29 दिसंबर को येलो अलर्ट जारी किया था, जिसके तहत रेस्त्रां और होटलों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खोलने की अनुमति है, लेकिन चूंकि कोरोना के केस कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं, इसलिए सरकार होटल में बैठकर खाने की सुविधा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक: कोरोना की जांच करने आए अधिकारियों पर भड़के डीके शिवकुमार, बोले- कोरोना के नाम पर डरा रही सरकार
गौरतलब है कि दिल्ली में रविवार को कोरोना के 20 हजार नए मामले सामने आए जबकि 7 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में करीब 1500 बेड कोरोना मरीजों से भर गए हैं। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर से तुलना करने पर काफी हद तक संतोष जताया जा सकता है। दूसरी लहर की तरह इस बार कोरोना के गंभीर मरीजों, अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों और मौतों का आंकड़ा भी काफी कम है। रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राज्य में संक्रमण की गति चिंता का विषय नहीं है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार का लॉकडाउन लगाने का कोई विचार नहीं है। हालांकि उन्होंने लोगों से कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने और वैक्सीन लगवाने की भी अपील की।












Click it and Unblock the Notifications