दिल्ली में 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए स्कूल खुले, ऑफलाइन क्लास अभी नहीं चलेंगी
नई दिल्ली, 9 अगस्त: राजधानी दिल्ली में सोमवार से कोरोना पाबंदियों में कई नई छूट दी गई हैं। इनमें सबसे अहम 10-12वीं के छात्रों के लिए स्कूल खुलना और साप्ताहिक बाजारों का खोला जाना है। दसवीं और बारहवीं के छात्रों के लिए स्कूलों आज से खुल गए हैं लेकिन कक्षाएं अभी नहीं चलेंगी। 10वीं और 12वीं के छात्र बोर्ड परीक्षा से जुड़े काम, काउंसलिंग और प्रैक्टिकल के लिए स्कूल जा सकते हैं।

दिल्ली में कोरोना वायरस के नए मामले तकरीबन खत्म होने के बाद 10वीं और 12वीं के छात्रों के स्कूल खोलने का फैसला दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की रविवार को हुई बैठक में लिया गया है। हालांकि अभी पढ़ाई ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए ही होगी लेकिन एडमिशन, काउंसलिंग और प्रैक्टिकल काम स्कूल जाकर होंगे।
डीडीएमए की ओर से कहा गया है कि 10वीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों को नौ अगस्त से एडमिशन से जुड़े कार्यों, काउंसलिंग, गाइडेंस और बोर्ड परीक्षा के लिए प्रैक्टिकल गतिविधियों के लिए स्कूल आने की इजाजत होगी। शिक्षण उद्देश्यों के लिए स्कूल, कोचिंग सेंटर और कॉलेज फिलहाल बंद रहेंगे। साथ ही स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी कराया जाएगा। शिक्षा निदेशालय इन गतिविधियों के लिए गाइडलाइंस जारी करेगा ताकि कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित हो और बच्चे सुरक्षित रहें।
देश में बीते साल मार्च में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद स्कूलों को बंद किया गया था। इसके बाद से ज्यादातर स्कूल कॉलेज बंद ही चल रहे हैं। बोर्ड परीक्षाएं भी कोरोना के चलते नहीं हो सकी थीं। अब जबकि कोरोना के मामले कम हो गए हैं तो कई राज्य सरकारें फिर से स्कूलों को खोल रही हैं। हालांकि अभी भी पहले की तरह से कक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं। स्कूलों को कई तरह के नियमों के साथ ही खोला जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications