सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, दिल्ली में 17 इमारतें ढहाईं, 5 सील, सर्वे में 52 PG मिले जर्जर

MCD Action after Satya Niketan Building Collapse: सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद दिल्ली में जर्जर और अवैध भवनों को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे मकानों और इमारतों की पहचान की जा रही है, जिनसे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। मंगलवार को नगर निगम ने 17 इमारतों को ध्वस्त किया, जबकि पांच संपत्तियों को सील कर दिया।

वहीं, कई भवन मालिकों को अवैध निर्माण हटाने और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके भवनों को लेकर नोटिस भी भेजे गए हैं। इस कार्रवाई का असर पीजी और छात्र आवासों पर भी पड़ा है। सर्वे में दिल्ली के 52 पीजी खस्ताहाल हालत में मिले हैं। इसी बीच चिराग दिल्ली की एक पीजी में बड़ी दरारें आने के बाद करीब 50 छात्रों को मकान खाली करना पड़ा है। दिल्ली विश्वविद्यालय ने भी कॉलेज भवनों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

MCD Action after Satya Niketan Building Collapse

मंगलवार को 17 इमारतें ढहाईं, पांच संपत्तियां सील

दिल्ली नगर निगम ने मंगलवार को शहर के कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। निगम की टीमों ने 17 इमारतों को ध्वस्त किया और पांच संपत्तियों को सील कर दिया। अनधिकृत निर्माण के मामलों में नौ भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा दो संपत्तियों को सील करने के लिए नोटिस और 15 भवनों के लिए ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए।

ये भी पढ़ें: कुत्ता घुमाने के बाद लद्दाख हुए थे ट्रांसफर, अब सत्य निकेतन हादसे में फंसे MCD कमिश्नर संजीव खिरवार! कौन हैं?

नगर निगम का कहना है कि यह अभियान केवल अवैध निर्माण तक सीमित नहीं है। उन इमारतों पर भी नजर रखी जा रही है, जो पुरानी और जर्जर होने के कारण कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं।

सत्य निकेतन के पास जर्जर इमारत सील

सत्य निकेतन में हादसे के बाद आसपास की इमारतों की भी जांच की गई। घटनास्थल के पास एक भवन की हालत काफी खराब मिलने पर निगम ने उसे सील कर दिया। इस इमारत में रह रही छात्राओं का सामान भी निगम की टीम की मदद से बाहर निकलवाया गया। भवन की स्थिति को देखते हुए वहां लोगों का रहना सुरक्षित नहीं माना गया। सैदुलाजाब इलाके में भी अवैध निर्माण और जर्जर भवनों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई।

इन इलाकों में भी चला निगम का अभियान

नगर निगम की कार्रवाई दिल्ली के कई हिस्सों में देखने को मिली। लक्ष्मी नगर, विश्वास नगर, मुखर्जी नगर, जामिया नगर और शाहीन बाग में भवनों की जांच और कार्रवाई की गई।

इसके अलावा तिलक नगर, करमपुरा, करोलबाग, रमेश नगर, मानसरोवर गार्डन, चांदनी चौक और नेहरू विहार समेत अन्य इलाकों में भी निगम की टीमें पहुंचीं। अलग-अलग जगहों पर भवनों की स्थिति और अवैध निर्माण की जांच की गई।

दिल्ली में 52 पीजी खस्ताहाल मिले

नगर निगम के सर्वे में राजधानी के 52 पीजी ऐसे मिले हैं, जिनकी हालत ठीक नहीं पाई गई। इन पीजी के मालिकों को जरूरी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली के सभी 12 जोन में सर्वे का काम चल रहा है। खास तौर पर स्कूल, कॉलेज और दूसरे शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बने भवनों की जांच पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार, पिछले दो दिनों में अवैध निर्माण या जर्जर हालत के कारण 48 इमारतों को गिराया गया है। इसी अवधि में 15 संपत्तियों को सील किया गया।

खतरे के हिसाब से होगी इमारतों की पहचान

दिल्ली नगर निगम ने सभी जोनल उपायुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में खतरनाक भवनों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद इन इमारतों को खतरे की स्थिति के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाएगा।

जो भवन लोगों की जान के लिए तुरंत खतरा बन सकते हैं, उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे भवनों को पहले खाली कराया जाएगा और फिर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

तीन साल से झुके मकान को अब तोड़ना शुरू

नेहरू विहार में एक झुका हुआ मकान लंबे समय से इलाके के लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ था। अब नगर निगम ने इस इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार में बी-1 नंबर के भूखंड पर बना यह मकान तीन साल पहले अचानक झुक गया था। भूखंड के अलावा इस भवन में चार मंजिलें बनी हुई थीं।

सिविल लाइंस जोन ने वर्ष 2023 में ही इस मकान को गिराने का आदेश जारी कर दिया था। आदेश के कुछ समय बाद भवन खाली भी करा लिया गया, लेकिन इसके बावजूद तीन साल तक इसे तोड़ा नहीं जा सका।

मंगलवार को निगम की टीम ने आखिरकार ध्वस्तीकरण शुरू किया। इमारत को एक-एक मंजिल करके गिराया जा रहा है, ताकि आसपास के मकानों और लोगों को किसी तरह का खतरा न हो।

चिराग दिल्ली की पीजी में दरारें, 50 छात्र बाहर निकले

चिराग दिल्ली में स्थित एक पीजी भवन में बड़ी दरारें दिखाई देने के बाद वहां रहने वाले छात्रों में डर का माहौल बन गया। सुरक्षा को देखते हुए करीब 50 छात्रों ने पीजी खाली कर दिया। इस भवन में शहीद भगत सिंह कॉलेज और दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज (CVS) के छात्र रह रहे थे।

पीजी खाली कराने के बाद प्रभावित छात्रों के लिए शहीद भगत सिंह कॉलेज में अस्थायी रूप से ठहरने की व्यवस्था की गई है।

डीयू ने भी कॉलेज भवनों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए

सत्य निकेतन की घटना और राजधानी में सामने आ रहे जर्जर भवनों के मामलों के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय ने भी अपने कॉलेजों की इमारतों की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

कॉलेज भवनों की स्थिति की जांच कर यह देखा जाएगा कि कहीं किसी हिस्से में दरार, कमजोरी या ऐसी कोई समस्या तो नहीं है, जिससे छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है। निगम की कार्रवाई के साथ अब शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बने भवनों और छात्र आवासों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन में ढही इमारत का रेंट एग्रीमेंट देख घूम जाएगा माथा! लिखा-'किराएदार के मौत की जिम्मेदारी मेरी नहीं'

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+