बारिश के बाद दिल्ली में मौसम हुआ सुहावना
बारिश के दिल्ली में मौसम हुआ सुहावना
नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी और तेज धूप से परेशान राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को बारिश के बाद राहत मिली है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे नमी का स्तर 74 प्रतिशत दर्ज किया गया।

दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे से लेकर सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.4 मिलीमीटर बारिश हुई है. मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को भी गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है।वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं उत्तर प्रदेश के भी कुछ शहरों में लोगों को तेज हवाओं और हल्की बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली है। आजमगढ़ में तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। पारा लुढ़कर 39 डिग्री सेंटीग्रेड अधिकतम व न्यूनतम 27 डिग्री सेंटीग्रेड पर पहुंच गया।
किसानों को भी बारिश का इंतजार
गर्मी से जूझ रहे आमजन के अलावा किसानों को भी बारिश का इंजतार है। बारिश के बाद किसान धान की फसल के लिए अपने खेतों को तैयार करने और रोपाई का काम शुरू कर देंगे। ऐसे में किसान भी आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। बारिश के बाद धान की बुवाई में तेजी आएगी।
अभी और होगी बारिश
दिल्ली में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 17 से 20 जून तक भारी बारिश की संभावना है। हालांकि राजधानी में शुक्रवार से ही बारिश हो रही है और पारा में गिरावट ने लोगों को राहत दी है।












Click it and Unblock the Notifications