Delhi Rain: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा के साथ झमाझम बारिश, गर्मी हुई छूमंतर
Weather Forecast, Delhi Rain: भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लिए शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा। दोपहर बाद राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम समेत आस पास के कई इलाकों में मौसम का रुख बदल गया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।
आसमान में छाए बादल और बारिश के बीच चली ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। लोगों ने बारिश का दिल खोलकर स्वागत किया और सुकून महसूस किया।

मौसम बदलने से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है।
गौरतलब है कि पिछले 48 घंटों में दिल्ली एनसीआर में मौसम के कई रंग देखने को मिले हैं। गुरुवार को सुबह भी हल्की बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई थी, इसके बाद दिनभर उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशान किया।
वहीं, आज शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद एकदम से अंधेरा छा गया और बारिश का दौर शुरू हो गया। जिससे गर्मी छूमंतर हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि रुक रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा।
कहां-कहां हुई बारिश?
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के आर.के. पुरम, राजौरी गार्डन, धौला कुआं, एम्स समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। वहीं, दिल्ली के गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और अन्य शहरों में भी मौसम बदल गया है। आसमान में बादल छाए हुए हैं, वहीं हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम का मिजाज यूं ही बदला बदला रहेगा। दिन में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, तो आंधी व बिजली चमकने के साथ हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। जिससे उम्मीद है कि लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications