राहुल गांधी ने सीएम केजरीवाल को बताया 'नाम के आम आदमी', आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लेकर साधा निशाना
नई दिल्ली, 16 फरवरी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीते कुछ समय से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन किया है। राहुल ने एक ट्वीट कर दिल्ली सरकार पर हमला बोला और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सिर्फ नाम का आम आदमी बताया। कांग्रेस नेता के इस ट्वीट को लेकर अभी तक आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राहुल गांधी ने बुधवार की शाम अपने ट्वीट में लिखा, 'दिल्ली सरकार जनता के दर्द नहीं समझती। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हक की लड़ाई एकदम सही है। कोविड में अपनी जान की परवाह ना करते हुए इन्होंने जन सेवा की। लेकिन दिल्ली के CM ना तो उन्हें पर्याप्त वेतन दे रहे हैं, ना समय, ना सम्मान। नाम के आम आदमी!' इस ट्वीट के माध्यम से राहुल गांधी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन किया है, जबकि दिल्ली सरकार पर उनकी तरफ ध्यान नहीं देने का आरोप मढ़ा है। राहुल के इस बयान की चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनावों से पहले राहुल गांधी का केजरीवाल पर निशाना, कहा- आतंकियों के घर पाये जा सकते हैं केजरीवाल
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनावी राज्यों में जाकर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, जबकि उनके ही प्रदेश में आंगनबाड़ी की महिला कार्यकर्ताएं कई दिनों से प्रदर्शन कर रही हैं। आंगनवाड़ी महिलाओं का आरोप है कि दिल्ली सरकार ने साल 2017 के बाद से अभी तक एक पैसा भी वेतन नहीं बढ़ाया है, जबकि चुनावी राज्यों में सीएम आंगनवाड़ी महिलाओं को लेकर झूठ बोल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मानें तो दिल्ली में काम कर रहीं आंगनवाड़ी वर्कर को हर माह 9600 रुपए और हेल्पर को 5000 रुपए मिलते हैं। यह वेतन पिछले कई वर्षों से एक समान ही है।












Click it and Unblock the Notifications