उद्धव-ममता से मिले अरविंद केजरीवाल, राघव चड्ढा ने बताया लोकतंत्र का निर्भीक रक्षक
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले आज विपक्षी गठबंधन की अहम बैठक होने जा रही है। आज की बैठक में कई विपक्षी दल हिस्सा लेंगे। आज होने वाली बैठक से पहले आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी और शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। दोनो नेताओं की मुलाकात को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने लोकतंत्र की लड़ाई के लिए अहम बताते हुए कहा कि यह लड़ाई भारतीय लोकतंत्र के लिए है।
उद्धव ठाकरे के साथ केजरीवाल की तस्वीर को साझा करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि दो मजबूत ताकतें लोकतंत्र के लिए इस लड़ाई में साथ हैं। शिवसेना यूबीटी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इंडिया एकजुट है। वहीं ममता बनर्जी के साथ की तस्वीर को शेयर करते हुए राघव चड्ढा ने लिखा भारतीय लोकतंत्र के दो निर्भीक रक्षक, ममता बनर्जी और हमारे नेता अरविंद केजरीवाल की दिल्ली में मुलाकात हुई। दोनों की मुलाकात देश के प्रति साझी जिम्मेदारी का एहसास है।

बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात की है। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ सीएम केजरीवाल ने संजय राउत, आदित्य ठाकरे, प्रियंका चतुर्वेदी, अरविंद सावंत से मुलाकात की। इस दौरान आप सांसद राघव चड्ढा भी मौजूद रहे।
बता दें कि विपक्षी गठबंधन इंडिया की आज चौथी बैठक होने जा रही है। यह बैठक दिल्ली के अशोक होटल में होगी। बैठक में तमाम विपक्षी दल जोकि इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं, शामिल होंगे। बैठक में माना जा रहा है कि सभी दलों के बीच आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा हो सकता है।
आज होने वाली बैठक में इस बात को लेकर सभी दलों में सहमति बनने की उम्मीद है कि कौन से दल को लोकसभा में कितनी सीटें मिलेंगी। इसके साथ ही आगामी चुनाव से पहले होने वाली जनसभाओं पर भी बैठक के दौरान चर्चा हो सकती है। आज होने वाली बैठक से पहले ममता बनर्जी ने सीएम केजरीवाल से मुलाकात की और कहा कि मैं देशभर में चुनाव प्रचार करने के लिए तैयार हूं। विपक्ष के नेताओं को भी देशभर में चुनाव प्रचार करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications