संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई को राघव चड्ढा ने बताया लोकतंत्र पर हमला
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह को ईडी ने शराब नीति घोटाले में लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आज संजय सिंह को ईडी राउट एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी। संजय सिंह की गिरफ्तारी को आप नेता राघव चड्ढा ने राजनीति से प्रेरित बताया है।
संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि संसद में भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ बुलंदी से आवाज़ उठाने वाले आप सांसद संजय सिंह की गिरफ़्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। पहले पत्रकारों पर और अब विपक्ष को एजेंसियों के सहारे दबाने की कोशिश हमारे लोकतंत्र पर हमला है। ये गिरफ्तारी भाजपा की इंडिया से घबराहत को दिखाती है।

बता दें कि संजय सिंह को दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अबतक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। संजय सिंह को अरविंद केजरीवाल का करीबी माना जाता है, ऐसे में जिस तरह से ईडी ने यह कार्रवाई की है उसकी वजह से आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
वहीं दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने इस पूरी कार्रवाई को एक नया प्रोपेगेंडा बताया है। आतिशी ने कहा कि ईडी इस पूरे मामले में आम आदमी पार्टी को आरोपी बनाने की तैयारी कर रही है। यानि साफ है कि पिछले 15 महीनों से ईडी जो जांच मनीष सिसोदिया के खिलाफ कर रही थी, उसमे उन्हें कुछ नहीं मिला है।
मनीष के खिलाफ ईडी को कोई भी सबूत नहीं मिल पाया है। ईडी को इस मामले में कम से कम एक सबूत तो मनीष सिसोदिया के खिलाफ पेश करना चाहिए। अगर सच में कोई घोटाला हुआ है और इसमे मनीष सिसोदिया का हाथ है तो देश को यह पता चलना चाहिए।
लेकिन सच्चाई यह है कि ईडी के पास कुछ है ही नहीं जो लोगों के सामने रख सके। इन लोगों ने बौखलाहट में संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई की और उनके घर पर छापेमारी की। लेकिन यहां से भी इन लोगों को कुछ नहीं मिला। ईडी लगातार इस पूरे मामले में प्रोपेगेंडा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications