Delhi Ring Metro Network: PM मोदी ने लॉन्च की देश की पहली रिंग मेट्रो, 3 नए कॉरिडोर की भी नींव, हर डिटेल
Delhi Ring Metro Network: दिल्ली के परिवहन ढांचे में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (08 मार्च) को राजधानी में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सबसे अहम है देश की पहली पूरी तरह ऑपरेशनल रिंग मेट्रो नेटवर्क की शुरुआत। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के तीन नए कॉरिडोर की भी आधारशिला रखी गई, जो आने वाले समय में राजधानी की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कुल लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें से करीब 18,300 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाएं और 15,200 करोड़ रुपये के जीपीआरए पुनर्विकास प्रोजेक्ट शामिल हैं।

दिल्ली में देश की पहली रिंग मेट्रो की शुरुआत (India's First Ring Metro Network)
प्रधानमंत्री मोदी ने 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक के नए मेट्रो सेक्शन का उद्घाटन किया। यह हिस्सा पिंक लाइन का विस्तार है और इसके चालू होने से दिल्ली को देश की पहली ऑपरेशनल रिंग मेट्रो मिल गई है।
यह कॉरिडोर खासतौर पर उत्तर दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। इस लाइन पर नौ एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें मजलिस पार्क, बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर शामिल हैं।
इस विस्तार के बाद पिंक लाइन की कुल लंबाई करीब 71.56 किलोमीटर तक पहुंच गई है। इस कॉरिडोर के निर्माण के दौरान यमुना नदी पर नया मेट्रो पुल और डबल-डेकर वायाडक्ट भी बनाया गया है, जिसमें ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे फ्लाईओवर है। यह यमुना पर दिल्ली मेट्रो का पांचवां पुल है।
मजेंटा लाइन का भी हुआ विस्तार (Magenta Line Extension)
प्रधानमंत्री ने 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक के कॉरिडोर का भी उद्घाटन किया। यह मजेंटा लाइन का एलिवेटेड एक्सटेंशन है, जिसमें सात स्टेशन शामिल हैं।
इन स्टेशनों में दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर विलेज, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क शामिल हैं। इस विस्तार के बाद मजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार इस कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शनों में से एक माना जा रहा है।
तीन नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला (Delhi Metro Phase V Corridors)
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली मेट्रो फेज-V (A) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया।
🔹पहला कॉरिडोर रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक बनाया जाएगा। करीब 9.9 किलोमीटर लंबा यह अंडरग्राउंड कॉरिडोर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इसमें दस स्टेशन होंगे, जिनमें आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, युगे-युगीन भारत, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं। इससे भारत मंडपम, कर्तव्य भवन और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी स्थानों तक पहुंच आसान हो जाएगी।
🔹दूसरा कॉरिडोर गोल्डन लाइन के विस्तार के रूप में एरोसिटी से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक बनेगा। करीब 2.26 किलोमीटर लंबा यह हिस्सा अंडरग्राउंड होगा और एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी देगा।
🔹तीसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक बनेगा जिसकी लंबाई करीब 3.9 किलोमीटर होगी। यह एलिवेटेड कॉरिडोर होगा और इसमें सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन शामिल होंगे।
NCR के शहरों को भी मिलेगा फायदा (NCR Connectivity)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन नए कॉरिडोर से केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि एनसीआर के कई शहरों को भी फायदा मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के लोग वायलेट लाइन के जरिए तुगलकाबाद पहुंचकर सीधे गोल्डन लाइन से एयरपोर्ट तक जा सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन के जरिए कालिंदी कुंज पहुंचकर दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट की यात्रा आसानी से कर सकेंगे।
महिलाओं को भी मिला खास तोहफा (GPRA Redevelopment Project)
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने सरोजिनी नगर स्थित जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टर का दौरा किया और महिला आवंटियों को नए घरों की चाबी भी सौंपी।
जीपीआरए पुनर्विकास योजना के तहत सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में लगभग 9,350 आधुनिक फ्लैट बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 15,200 करोड़ रुपये है।
दिल्ली के विकास पर PM मोदी का संदेश (PM Modi Statement)
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब दुनिया भारत जैसे बड़े लोकतंत्र के बारे में सोचती है तो दिल्ली की छवि सामने आती है। उनके मुताबिक दिल्ली सिर्फ देश की राजधानी नहीं बल्कि भारत की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है। जितनी आधुनिक दिल्ली बनेगी और जितनी बेहतर उसकी कनेक्टिविटी होगी, उतना ही भारत का आत्मविश्वास दुनिया के सामने मजबूत दिखाई देगा।
प्रधानमंत्री ने महिला दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत में नारी शक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और देश के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इन नई मेट्रो परियोजनाओं के साथ दिल्ली तेजी से एक आधुनिक, बेहतर कनेक्टिविटी वाले और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन वाले शहर की ओर बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications