दिल्ली के जहांगीरपुरी में घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, घर के बाहर लगा था ताला
नई दिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार को एक घर से मां-बेटे के शव बरामद हुए। आशंका है कि करीब तीन दिन पहले दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा तोड़कर घर में घुसी तो मां और बेटे के शव खून से लथपथ पड़े मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 36 वर्षीय महिला पूजा अपने बेटे हर्षित के साथ अपने घर में रहती थी। करीब दो साल पहले पूजा के पति की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी कि घर से तेज बदबू आ रही है और घर के बाहर से ताला लगा हुआ है।
पुलिस दरवाजा तोड़कर घर के अंदर पहुंची, जहां पूजा का शव कमरे में पड़ा था और बेटे का शव बाहर पड़ा था। पूजा की पीठ पर चाकू के निशान थे, जबकि बच्चे का गला चाकू से रेता गया था। पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं। इसमें दो से तीन लोग पूजा और परिवार के जानकार दिखाई दिए हैं, जिनके बारे में पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूजा के कपड़े अस्त-व्यस्त हालत में थे, जिससे अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications