मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन
नई दिल्ली, 13 जून: आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार किया था। अब दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी सभी आरोपों को खारिज करते हुए सत्येंद्र जैन को बेगुनाह बता रही। साथ ही केंद्र सरकार पर साजिश करने का आरोप लगाया है।

Recommended Video
दरअसल कुछ दिनों पहले ईडी ने अंकुश जैन, वैभव जैन, नवीन जैन और सिद्धार्थ जैन (राम प्रकाश ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक), जीएस मथारू, योगेश कुमार जैन (राम प्रकाश ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक) आदि के यहां छापेमारी की थी। ये सब सत्येंद्र जैन के करीबी बताए जा रहे। ईडी का दावा है कि इस छापेमारी में 2.82 करोड़ रुपये नगद बरामद हुए। इसके अलावा 1.80 किलोग्राम वजन के 133 सोने के सिक्के भी मिले। इसके बाद सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया था।
AAP कह रही ये बात
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक केंद्र को दिल्ली का विकास पसंद नहीं आ रहा, जिस वजह से मोदी सरकार उसके नेताओं को झूठे केस में फंसा रही है। सत्येंद्र जैन के घर से सिर्फ दो लाख के आसपास ही कैश बरामद हुआ था, जिसका पूरा हिसाब था। कुछ दिनों पहले उन्होंने दावा किया था कि केंद्र सरकार जल्द ही मनीष सिसोदिया को भी झूठे केस में फंसा सकती है।
खून लगी फोटो वायरल
हाल ही में सत्येंद्र जैन की एक फोटो वायरल हुई थी। जिसमें उनके मुंह पर खून लगा नजर आ रहा था। इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए गए। बाद में सीएम केजरीवाल ने कहा कि मैं बहुत कुछ नहीं कह सकता क्योंकि उनसे सीधा संपर्क नहीं है। मैं इस पर कोई टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हूं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में जो कुछ भी हुआ, जब वो थोड़े ठीक हुए, तो उनको वापस ले जाया गया।












Click it and Unblock the Notifications