'भाजपा के इशारे पर कुछ लोगों ने जलाए पटाखे', बढ़ते प्रदूषण पर बोले दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय
'भाजपा के इशारे पर कुछ लोगों ने जलाए पटाखे', बढ़ते प्रदूषण पर बोले दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय
दिल्ली, 05 नवंबर: दीपावली के बाद दिल्ली-एनसीआर में एकाएक प्रदूषण तेजी के साथ बढ़ गया है, जिसके बाद दिल्ली की हवा दमघोटू हो गई। राजधानी दिल्ली की हवा सांस लेने लायक नहीं बची है। तो वहीं, दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने वायु प्रदूषण बिगड़ने के लिए पटाखे और पराली जलाए जाने को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही, पर्यावण मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर हमला बोला।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'दिल्ली में पिछले तीन दिनों से प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। इसके पीछे दो कारण है। उन्होंने कहा कि एक तेजी से पराली जलने की घटनाएं बढ़ी हैं। 3,500 जगहों पर पराली जलने की घटनाएं हो रही हैं। कुछ लोगों ने दीपावली पर जानबूझकर पटाखे जलाए जिसके कारण भी वायु गुणवत्ता AQI स्तर बढ़ा है।'
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने हर समय बयान दिए कि पटाखे जलाने से कुछ नहीं होता है, यह धर्म और त्योहार का मामला है। अब सभी वैज्ञानिक कह रहे हैं कि पटाखों से प्रदूषण होता है। दो दिन पहले हवा की जो गुणवत्ता थी, वह आज नहीं है। दरअसल, दीपावली की अगली सुबह, देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में प्रदूषण से बुरा हाल देखने को मिला है।
हालांकि प्रदूषण को नियंत्रण में रखने के लिए दिल्ली सरकार ने पटाखों की बिक्री एवं इस्तेमाल पर रोक लगाई थी, लेकिन दीवाली पर कई जगहों पर जमकर आतिशबाजी चलती देखी गई। इस का परिणाम यह हुआ कि दीवाली के अगले दिन यानी शुक्रवार सुबह राजधानी की वायु गुणवत्ता 'खतरनाक' स्थिति में पहुंच गई। आसमान पर धुंध की मोटी चादर छाई नजर आई। बता दें, दिल्ली के 27 निगरानी केंद्रों पर भी वायु गुणवत्ता 'खतरनाक' श्रेणी में दर्ज की गई।
हालांकि दोपहर तक हालात में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन एक्यूआई अभी भी अधिकतर इलाकों में 350 से 500 के बीच बना हुआ है। दिल्ली कई क्षेत्रों के लोगों ने गले में खराश और आंखों से पानी आने की शिकायतें की हैं।












Click it and Unblock the Notifications