मनीष सिसोदिया ने किया चुनाव प्रचार का आगाज, कहा- 'सीट बदलने से कोई फर्क नहीं पड़ता'
Delhi News: आप नेता मनीष सिसोदिया न अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। पार्टी ने उन्हें जंगपुरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले वह पड़पटगंज से विधायक चुने गए थे। सिसोदिया ने अपने नए चुनाव क्षेत्र जंगपुरा में चुनाव प्रचार की शुरूआत करने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने अपने प्रचार अभियान का आगाज किया।
पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रचार अभियान शुरू करने से पहले खुद को भगवान हनुमान जी का सच्चा भक्त बताया। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, जिसमें मनीष सिसोदिया को पड़पटगंज की जगह जंगपुरा से उम्मीदवार बनाया, जबकि उनकी परंपरागत सीट पड़पटगंज से हाल ही में आप में शामिल हुए शिक्षाविद अवध ओझा को उतारा है।

सिसोदिया ने प्रचार के दौरान कहा कि उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रहने के दौरान उन्होंने दिल्ली के बच्चों के लिए उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने कहा लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। पड़पटगंज से विधायक रहते हुए भी मैंने जंगपुरा के लिए बहुत काम किया है। यहां मैंने स्कूल बनवाया। जंगपुरा से विधायक चुने जाने के बाद पूरे दिल्ली के लिए फिर से काम करूंगा।
वहीं, सिसोदिया ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि "हनुमान चालीसा के पाठ के साथ चुनाव प्रचार का आगाज किया। हे हनुमान जी महाराज, आपके चरणों में यही विनती है कि हम जो भी करें, उसमें आप गुरु की भांति हम पर कृपा बनाए रखें। हर समय हमारे दिल में इंसानियत की ज्योति जलती रहे। हम जहां भी रहें, जो भी करें, सब ईश्वर के स्मरण के साथ ही करें। ऐसी कृपा हम पर सदैव बनाए रखें।"












Click it and Unblock the Notifications