अवध कुमार ओझा जी ने समय रहते फॉर्म 8 भरा, लेकिन चुनाव आयोग ने षड्यंत्र कर इसे बदल दिया: मनीष सिसोदिया
Patparganj Election 2025 Avadh Ojha:आम आदमी पार्टी ( AAP) के दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार अवध ओझा के वोटर आईडी का मुद्दा सुलझ गया है। चुनाव आयोग ने अब अवध ओधा का वोट ग्रेटर नोएडा से दिल्ली ट्रांसफर करने का आदेश दे दिया है। अब अवध ओझा बुधवार 15 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
इसे लेकर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, "सम्मानित शिक्षाविद अवध कुमार ओझा जी, हमारे पटपड़गंज से उम्मीदवार हैं, उन्होंने समय रहते फॉर्म 8 भरा, लेकिन चुनाव आयोग ने पहले 7 जनवरी को आखिरी तारीख बताया और फिर षड्यंत्र कर इसे बदलकर 6 जनवरी कर दिया। यह कानून और इलेक्शन कमीशन की गाइडलाइंस के खिलाफ है।"

आगे सिसोदिया ने लिखा, "आज अरविंद केजरीवाल जी और हमारे कई नेता चुनाव आयोग से मिलेंगे और निवेदन करेंगे कि अवध कुमार ओझा जी का वोट ग्रेटर नोएडा से दिल्ली ट्रांसफर किया जाए, ताकि वह अपना नॉमिनेशन फाइल कर सकें। यह लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद के लिए जरूरी है।"
वहीं, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार 13 जनवरी को कहा, ''हम अभी चुनाव आयोग से मिलकर आ रहे हैं, चुनाव आयोग ने अवध ओझा का वोट शिफ्ट करने का आदेश दिया है और वो मतदाता होंगे और अपना वोट डाल सकेंगे। वो अपना नामांकन भी दाखिल कर सकेंगे।चुनाव आयोग ने पूरा भरोसा दिया है कि किसी भी हालत में एक भी गलत वोट नहीं पड़ने दिया जाएगा।''
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, ''कल किदवई नगर में कंबल बांटे गए, जूते, जैकेट बांटे गए, पैसे बांटे गए, चश्मे बांटे गए... इसमें भी चुनाव आयोग ने हमें भरोसा दिलाया है कि ये सारी गतिविधियां बंद होंगी, इसलिए हम चुनाव आयोग के इस कदम के लिए बहुत आभारी हैं।"
चुनाव आयोग से निकलने के बाद पटपड़गंज विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार अवध ओझा ने कहा, "उन्होंने कहा कि मेरा मामला सुलझ गया है। कल मेरा एडमिट कार्ड तैयार हो जाएगा और परसों मैं अपना नामांकन दाखिल करूंगा।''












Click it and Unblock the Notifications