'अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश', हमले के बाद मंत्री सौरभ भारद्वाज ने किया बड़ा दावा
Attack On Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को ग्रेटर कैलाश में एक शख्स ने लिक्विड फेंक दिया। केजरीवाल उस वक्त ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा कर रहे थे। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और मौके पर मौजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया। केजरीवाल पर हमले को लेकर आम आदमी पार्टी बीजेपी पर जमकर बरसी और उसने हमले के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ मालवीय नगर इलाके में पदयात्रा कर रहे थे। फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। आरोपी का नाम अशोक झा है। बता दें कि अशोक के हाथ में गिलास था, जिसे पिचकाकर उसने केजरीवाल पर पानी फेंकने की कोशिश की थी।

भाजपा के कार्यकर्ता ने हमला किया: आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी ने यह हमला करवाया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- "आज दिन दहाड़े भाजपा के कार्यकर्ता ने अरविंद केजरीवाल पर हमला किया। दिल्ली का चुनाव तीसरी बार हारने की बौखलाहट भाजपा में दिख रही है। भाजपा वालों: दिल्ली के लोग ऐसी घटिया हरकतों का बदला लेंगे। पिछली बार 8 सीटें आयीं थी, इस बार दिल्ली वाले भाजपा को ज़ीरो सीट देंगे।"
अमित शाह की नाकामी फिर जग जाहिर हुई: आप
वहीं, आम आदमी पार्टी ने कहा कि "दिल्ली की बिगड़ी कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर पदयात्रा के दौरान भाजपा ने केजरीवाल जी पर हमला करवाया। अमित शाह की नाकामी फिर जग जाहिर हुई है, दिल्ली में कानून का राज़ नहीं भाजपाई गुंडो का राज है। अगर देश की राजधानी में एक पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी का क्या होगा?"
"स्प्रिट फेंककर केजरीवाल को ज़िंदा जलाने की कोशिश"
केजरीवाल पर हुए हमले को लेकर मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "आज पदयात्रा के दौरान BJP ने अरविंद केजरीवाल जी के ऊपर हमला कराया है। दिल्ली में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और केंद्र सरकार, गृह मंत्री कुछ नहीं कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि स्प्रिट फेंककर उन्हें ज़िंदा जलाने की कोशिश की।"












Click it and Unblock the Notifications