केजरीवाल का कुमार विश्वास पर निशाना, 'जिन्हें पद और टिकट का लालच है वे पार्टी से बाहर जा सकते हैं'
Recommended Video

नई दिल्ली। दिल्ली में जनवरी में होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के अंदर टिकटों को लेकर जबरदस्त खीचतान चल रही है। जिसका एक नजारा गुरुवार को देखने को मिला। जब कुमार विश्वास के कुछ समर्थकों ने पार्टी दफ्तर में प्रदर्शन कर उनके लिए राज्यसभा सीट की मांग और पार्टी ऑफिस पर कब्जा कर लिया। इस बात से नाराज केजरीवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए संदेश दिया है कि जिन्हें पद और टिकट का लालच है वे पार्टी से बाहर जा सकते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने एक न्यूज चैनल को दिए अपने एक पुराने इंटरव्यू को अपने ट्विटर अकाउंट पर रीट्वीट किया है। जिसमें वे कहते सुने जा सकते हैं कि जिन-जिन लोगों को देश के लिए काम करना है वो पार्टी में आएं, जिन-जिन लोगों को पद और टिकट का लालच है आज पार्टी छोड़कर चले जाएं, वो गलत पार्टी में आ गए हैं। राज्यसभा चुनावों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शनिवार को शुरू होगी और पांच जनवरी को समाप्त हो जाएगी। चुनाव 16 जनवरी को होंगे।
कुमार विश्वास को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने की मांग को लेकर उनके समर्थकों ने शुक्रवार को सुबह दिल्ली में आप मुख्यालय में चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया था। समर्थकों का धरना तब खत्म हुआ जब कुमार विश्वास ने ट्वीट किया कि वह अपने नाम पर किसी 'हंगामे' को पसंद नहीं करेंगे। विश्वास ने ट्वीट किया था, 'कृपया 26 नवंबर की मेरी अपील का ध्यान रखें, देश पहले, पार्टी बाद में और व्यक्ति सबसे अंत में। स्वराज के लिए लड़ें। बुनियादी चीजों, पारदर्शिता की तरफ लौटें। लेकिन मेरे नाम पर मैं किसी हंगामे को पसंद नहीं करूंगा। अभिमन्यु मरकर भी वीरगति को प्राप्त होता है।'












Click it and Unblock the Notifications