'कंझावला एक्सीडेंट का एक आरोपी है भाजपा का सदस्य', AAP ने किया दावा
दिल्ली की रहने वाली अंजलि 1 जनवरी तड़के 3-4 बजे के बीच स्कूटी से अपने घर जा रही थी। सुल्तानपुरी से दिल्ली के कंझावला के बीच एक कार ने स्कूटी को टक्कर मारा और 7-12 किलोमीटर तक महिला को घसीटा। जिसके बाद महिला की मौत हो गई।

kanjhawala Accident: दिल्ली के कंझावला एक्सीडेंट में महिला के कार से घसीटे जाने के मौत के मामले आम आदमी पार्टी (आप) ने आज आरोप लगाया कि इसका एक आरोपी भाजपा का सदस्य है। सुल्तानपुरी में चौंकाने वाली घटना पर मीडिया को संबोधित करते हुए, आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से एक मनोज मित्तल भाजपा का सदस्य है। सौरभ भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को जानबूझकर छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली की रोहिणी अदालत ने आरोपी मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
सौरभ भारद्वाज ने किया बड़ा दावा
मंगोलपुरी पुलिस स्टेशन की तस्वीरें साझा करते हुए, जहां केस दर्ज है, आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह विडंबना है कि पुलिस स्टेशन के ठीक बगल में एक होर्डिंग है जिसमें, आरोपी मनोज मित्तल की तस्वीर है और उनकी पहचान भाजपा सदस्य के रूप में है। सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''12 km गाड़ी में लाश फंसाकर चलते रहे, और पुलिस कह रही है कि तेज म्यूजिक की वजह से पता नहीं चला! दिल्ली पुलिस के डीसीपी हरेंद्र सिंह आरोपियों का बयान अपना वर्जन बनाकर सामने रख रहे हैं। पुलिस की लीपापोती का नंगा उदाहरण है, इससे घटिया काम कोई पुलिस वाला नहीं कर सकता।''
भाजपा ने दिया AAP को जवाब
आप के आरोप का जवाब देते हुए दिल्ली बीजेपी के मीडिया सेल के प्रमुख हरीश खुराना ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों।
आप ने आज दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पद से तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। सौरभ भारद्वाज ने कहा, "वह दिल्ली के बारे में कुछ नहीं जनते हैं। अगर मैं उन्हें सुल्तानपुरी में छोड़ दूं, तो उन्हें पता नहीं चलेगा कि नजफगढ़ किस दिशा में है।"












Click it and Unblock the Notifications